न्यू चैप्टर पोस्ट से बढ़ीं अटकलें: क्या आज टीम इंडिया के लिए डेब्यू करेंगे वैभव सूर्यवंशी?
'न्यू चैप्टर' पोस्ट से बढ़ीं अटकलें: क्या आज टीम इंडिया के लिए डेब्यू करेंगे वैभव सूर्यवंशी?
नई दिल्ली। भारतीय क्रिकेट के उभरते सितारे वैभव सूर्यवंशी ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट साझा कर अपने अंतरराष्ट्रीय पदार्पण की अटकलों को और तेज कर दिया है। वैभव ने शुक्रवार को अपने इंस्टाग्राम अकाउंट की स्टोरी में अपनी तस्वीर के साथ ‘न्यू चैप्टर’ लिखा, जिसके बाद क्रिकेट प्रशंसकों के बीच यह चर्चा शुरू हो गई कि उन्हें जल्द ही टीम इंडिया की ओर से पहला अंतरराष्ट्रीय मुकाबला खेलने का अवसर मिल सकता है। हालांकि, टीम प्रबंधन की ओर से इस संबंध में कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।
भारत और इंग्लैंड के बीच टी-20 श्रृंखला का दूसरा मुकाबला शनिवार शाम सात बजे मैनचेस्टर में खेला जाएगा। मैच से पहले भारतीय टीम के गेंदबाजी कोच मॉर्ने मॉर्कल ने संकेत दिए कि टीम संयोजन में बड़े बदलाव की संभावना कम है। उन्होंने कहा कि टीम अपने खिलाड़ियों पर भरोसा बनाए रखना चाहती है।
वैभव सूर्यवंशी इस समय भारतीय टीम के साथ आयरलैंड और इंग्लैंड दौरे पर हैं। आयरलैंड दौरे और इंग्लैंड के पहले टी-20 मुकाबले में उनके पदार्पण की उम्मीद थी, लेकिन उन्हें अंतिम एकादश में जगह नहीं मिली। इसके बाद पूर्व दिग्गज क्रिकेटरों सुनील गावस्कर, रवि शास्त्री और एबी डिविलियर्स ने भी युवा बल्लेबाज को मौका नहीं दिए जाने पर अपनी नाराजगी व्यक्त की थी।
वैभव ने महज 15 वर्ष 71 दिन की उम्र में भारतीय टीम में चयनित होकर सबसे कम उम्र में राष्ट्रीय टीम का हिस्सा बनने का रिकॉर्ड बनाया है। उन्होंने इस मामले में शेफाली वर्मा और सचिन तेंदुलकर का रिकॉर्ड पीछे छोड़ दिया। भारतीय क्रिकेट बोर्ड ने उन्हें टीम इंडिया की प्रतिष्ठित नंबर-3 जर्सी भी सौंपी है।
हाल ही में वैभव ने इंडिया-ए की ओर से श्रीलंका-ए के खिलाफ ट्राई सीरीज के फाइनल में केवल 11 गेंदों में अर्धशतक जड़कर लिस्ट-ए क्रिकेट का सबसे तेज अर्धशतक बनाने का रिकॉर्ड अपने नाम किया था। वहीं आईपीएल 2026 में राजस्थान की ओर से शानदार प्रदर्शन करते हुए उन्होंने 776 रन बनाए थे। अब क्रिकेट प्रेमियों की निगाहें इस बात पर टिकी हैं कि क्या वैभव को मैनचेस्टर में भारत की ओर से पहला अंतरराष्ट्रीय मैच खेलने का मौका मिलेगा।
