November 19, 2026

Select नई दिल्ली: भारतीय प्रेस परिषद की पहली हिंदी पत्रिका प्रेस परिषद हिंदी दर्शिका का विमोचन

Launch of 'Press Parishad Hindi Darshika' – the first Hindi magazine of the Press Council of India

पत्रिका का विमोचन करते पीसीआई के सदस्य।

  • न्यायमूर्ति रंजना प्रकाश देसाई ने किया प्रथम अंक का लोकार्पण, हिंदी लेखन को प्रोत्साहन देने की पहल

नई दिल्ली, अजीत कुमार। भारतीय प्रेस परिषद के इतिहास में एक नया अध्याय जुड़ गया है। परिषद की पहली हिंदी पत्रिका प्रेस परिषद हिंदी दर्शिका का शुभारंभ किया गया। परिषद की चेयरपर्सन न्यायमूर्ति रंजना प्रकाश देसाई ने पत्रिका के प्रथम अंक का विमोचन मंगलवार को सूचना भवन में किया। परिषद की ओर से हिंदी भाषा, साहित्य और रचनात्मक लेखन को प्रोत्साहित करने की दिशा में इसे महत्वपूर्ण पहल बताया गया।

इस पत्रिका की शुरुआत का विचार परिषद के सदस्य डॉ. के. श्रीनिवास राव ने दिसंबर 2025 में परिषद के पुनर्गठन के बाद आयोजित पहली बैठक में रखा था। उनके इस सुझाव को आगे बढ़ाते हुए परिषद ने अपनी हिंदी पत्रिका प्रकाशित करने की पहल की, जिसका परिणाम अब प्रथम अंक के रूप में सामने आया है।

राष्ट्रीय प्रेस दिवस: पत्रकारिता में सनसनी नहीं, सच्चाई और जिम्मेदारी जरूरी: अश्विनी वैष्णव

प्रेस परिषद हिंदी दर्शिका का मुख्य उद्देश्य हिंदी भाषा के प्रति रुचि बढ़ाना, हिंदी लेखन को प्रोत्साहित करना और विभिन्न क्षेत्रों में कार्यरत अधिकारियों एवं कर्मचारियों को अपनी रचनात्मक प्रतिभा प्रदर्शित करने का मंच उपलब्ध कराना है। पत्रिका में आलेख, कविताएं, कहानियां, निबंध, यात्रा वृत्तांत और संस्मरण शामिल किए गए हैं।

प्रथम अंक में भारतीय प्रेस परिषद तथा सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय की विभिन्न मीडिया इकाइयों में कार्यरत हिंदी और अन्य भारतीय भाषाओं के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने अपनी रचनाएं प्रस्तुत की हैं। इन रचनाओं में जीवन के अनुभवों, विचारों, संस्मरणों और वास्तविक घटनाओं को शब्दों के माध्यम से अभिव्यक्त किया गया है। रचनाकारों ने अपनी कविताओं और लेखों के जरिए सामाजिक, साहित्यिक और जीवन से जुड़े विभिन्न विषयों को भी स्थान दिया है।

इस अवसर पर परिषद की उप सचिव सोनिया मल्होत्रा, नवनियुक्त सचिव मट्टू जे.पी. सिंह, सचिव शुभा गुप्ता, सदस्य डॉ. के. श्रीनिवास राव तथा अखिल भारतीय लघु एवं मध्यम समाचारपत्र महासंघ के राष्ट्रीय अध्यक्ष गुरिंदर सिंह सहित अन्य अधिकारी एवं सदस्य उपस्थित रहे। परिषद के सदस्य राज परवाना नरेंद्र सिंह ने भी इस पहल को हिंदी भाषा और रचनात्मक अभिव्यक्ति को प्रोत्साहित करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया।

परिषद की ओर से पत्रिका के प्रथम अंक में योगदान देने वाले सभी रचनाकारों के प्रति आभार व्यक्त किया गया। उम्मीद जताई गई कि यह प्रकाशन आगे भी नियमित रूप से जारी रहेगा और अधिक से अधिक लोगों को हिंदी में लिखने, पढ़ने तथा अपने विचारों को अभिव्यक्त करने के लिए प्रेरित करेगा।

About The Author