November 15, 2026

सोनीपत खबर: दुभेटा में दादा सुलखन पाल की प्रतिमा का अनावरण, मंत्री डॉ. अरविंद शर्मा ने किया पार्क का उद्घाटन

Statue of Dada Sulkhan Pal unveiled in Dubheta; Minister Dr. Arvind Sharma inaugurates the park.

गोहाना, अजीत कुमार। हरियाणा के सहकारिता, कारागार, पर्यटन, विरासत एवं निर्वाचन मंत्री डॉ. अरविंद शर्मा ने रविवार को गांव दुभेटा में दादा सुलखन पाल श्योराण की प्रतिमा का अनावरण किया। इसके साथ ही उन्होंने गांव में नवनिर्मित पार्क का उद्घाटन किया और कम्युनिटी सेंटर के नवीनीकरण सहित विभिन्न विकास कार्यों की शुरुआत की। इस अवसर पर ग्रामीणों की ओर से आयोजित सम्मान समारोह में कैबिनेट मंत्री का अभिनंदन किया गया। इससे पहले उन्होंने गांव मोई माजरी में श्री केसरी नंदन सेवा ट्रस्ट की धर्मशाला का उद्घाटन भी किया। कार्यक्रम में विधायक देवेंद्र कादियान विशेष रूप से उपस्थित रहे।

ग्रामीणों को संबोधित करते हुए डॉ. अरविंद शर्मा ने कहा कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में प्रदेश सरकार गांवों के सर्वांगीण विकास के लिए प्रतिबद्ध है। ग्रामीण क्षेत्रों में सड़क, पेयजल, पार्क, सामुदायिक भवन और अन्य मूलभूत सुविधाओं का विस्तार सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है। सरकार का प्रयास है कि विकास योजनाओं का लाभ बिना किसी भेदभाव के प्रत्येक क्षेत्र और अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे।

उन्होंने कहा कि दादा सुलखन पाल श्योराण की प्रतिमा का अनावरण सामाजिक एवं सांस्कृतिक विरासत के प्रति सम्मान का प्रतीक है। महापुरुषों और पूर्वजों की स्मृतियों को संजोकर रखना जरूरी है, ताकि आने वाली पीढ़ियां उनसे प्रेरणा लेकर अपनी परंपराओं और संस्कारों से जुड़ी रहें। पार्क के निर्माण से ग्रामीणों को स्वच्छ वातावरण में घूमने और व्यायाम करने की सुविधा मिलेगी, वहीं कम्युनिटी सेंटर के नवीनीकरण से सामाजिक आयोजनों को बेहतर स्थान उपलब्ध होगा।

मोई माजरी में धर्मशाला का उद्घाटन करते हुए मंत्री ने कहा कि सामाजिक एवं धार्मिक संस्थाएं समाज में भाईचारे, सेवा और सहयोग की भावना को मजबूत करती हैं। धर्मशालाएं सामाजिक और धार्मिक आयोजनों के लिए महत्वपूर्ण स्थान उपलब्ध करवाती हैं।

उन्होंने ग्रामीणों को आश्वस्त किया कि क्षेत्र की विकास संबंधी मांगों और समस्याओं के समाधान के लिए हरसंभव प्रयास किए जाएंगे। ग्रामीणों ने विकास कार्यों के लिए मंत्री का आभार जताया।

इस अवसर पर विधायक देवेंद्र कादियान, सरपंच विकास आर्य सहित नरेंद्र कुमार, प्रवीन खुराना, सुभाष न्यात, सत्यवान दुभेटा, संदीप गामड़ी, राजेश बिट्टू, प्रमोद डागर, कृष्ण मोई, कपिल माजरी सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति और ग्रामीण मौजूद रहे।

About The Author