November 15, 2026

सोनीपत: राज्य सेपकटकरा प्रतियोगिता में सोनीपत की टीम ने जीते तीन कांस्य पदक

Sonipat team wins three bronze medals at the state Sepak Takraw championship

सोनीपत, अजीत कुमार। रोहतक जिले के यश कॉलेज ऑफ एजुकेशन, रुड़की में हरियाणा सेपकटकरा एसोसिएशन के तत्वावधान में आयोजित अस्मिता राज्य सेपकटकरा प्रतियोगिता का समापन हुआ। प्रतियोगिता में सोनीपत की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए क्वाड इवेंट के सब जूनियर, जूनियर और सीनियर वर्ग में तीन कांस्य पदक अपने नाम किए।

समापन समारोह में सोनीपत के विधायक एवं हरियाणा सेपकटकरा एसोसिएशन के प्रधान निखिल मदान मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे। उन्होंने विजेता खिलाड़ियों को मेडल पहनाकर सम्मानित किया और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

एसोसिएशन के महासचिव शमशेर सिंह सरोहा ने बताया कि अस्मिता प्रतियोगिता का उद्देश्य महिलाओं को सेपकटकरा खेल से जोड़ना, उनकी प्रतिभा को निखारना और उन्हें खेल के क्षेत्र में आगे बढ़ने के अवसर प्रदान करना है। यह आयोजन स्पोर्ट्स अथॉरिटी ऑफ इंडिया और खेलो इंडिया की पहल से जुड़ा है।

प्रतियोगिता के क्वाड इवेंट सब जूनियर वर्ग में भिवानी प्रथम, चरखी दादरी द्वितीय तथा झज्जर और सोनीपत संयुक्त रूप से तीसरे स्थान पर रहे। जूनियर वर्ग में चरखी दादरी प्रथम, भिवानी द्वितीय तथा सोनीपत और महेंद्रगढ़ संयुक्त रूप से तीसरे स्थान पर रहे। सीनियर वर्ग में चरखी दादरी प्रथम, भिवानी द्वितीय तथा सोनीपत और झज्जर संयुक्त रूप से तीसरे स्थान पर रहे।

डबल इवेंट के मुकाबलों में सीनियर वर्ग में चरखी दादरी ने रोहतक और सोनीपत ने पलवल को हराया, जबकि जूनियर वर्ग में झज्जर ने जींद को पराजित कर अगले दौर में प्रवेश किया।

इस अवसर पर एसोसिएशन के कोषाध्यक्ष शैलेंद्र सिंह, मुर्ति हुड्डा, नरेश कुमार ढिल्लों, विजय हुड्डा, जितेंद्र सिंह सहित विभिन्न जिलों के पदाधिकारी, रेफरी और खेल प्रेमी मौजूद रहे।

About The Author