राष्ट्रीय प्रेस दिवस: पत्रकारिता में सनसनी नहीं, सच्चाई और जिम्मेदारी जरूरी: अश्विनी वैष्णव
भारतीय प्रेस परिषद में मनाया राष्ट्रीय प्रेस दिवस।
नई दिल्ली, अजीत कुमार। राष्ट्रीय प्रेस दिवस के अवसर पर भारतीय प्रेस परिषद (पीसीआई) की ओर से नई दिल्ली स्थित आकाशवाणी भवन के रंगभवन सभागार में समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में केंद्रीय सूचना एवं प्रसारण, रेल तथा इलेक्ट्रॉनिकी एवं सूचना प्रौद्योगिकी मंत्री अश्विनी वैष्णव ने कहा कि आज पत्रकारिता को अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता और जिम्मेदारी के बीच संतुलन बनाकर चलना होगा। तेजी से बदलते प्रौद्योगिकीय परिवेश के अनुरूप मीडिया को स्वयं को ढालना होगा, लेकिन इसके साथ उत्तरदायित्वपूर्ण पत्रकारिता के मूल्यों को बनाए रखना भी जरूरी है।

इस वर्ष समारोह की थीम ‘पत्रकारिता : लोकलुभावन या उत्तरदायित्वपूर्ण’ रही। वैष्णव ने कहा कि आने वाले पांच वर्षों में उतने बदलाव देखने को मिल सकते हैं, जितने पिछले दो दशकों में हुए हैं। उन्होंने युवा पत्रकारों को नई तकनीकों को अपनाने और अपने कौशल को लगातार विकसित करने का आह्वान किया। उन्होंने डीपफेक, भ्रामक सूचनाओं, गुमराह करने वाले विज्ञापनों और डिजिटल प्लेटफॉर्म पर हानिकारक सामग्री जैसी चुनौतियों का उल्लेख करते हुए इनके नियमन पर गंभीर विचार-विमर्श की आवश्यकता जताई।

कार्यक्रम में मुख्य वक्ता के रूप में पहुंचे प्रख्यात पत्रकार रजत शर्मा ने सनसनीखेज और जिम्मेदार पत्रकारिता के बीच की महीन रेखा को रेखांकित किया। उन्होंने आपातकाल, 26/11 मुंबई आतंकी हमलों और ऑपरेशन सिंदूर के अनुभवों का उल्लेख करते हुए कहा कि विशेषकर राष्ट्रीय सुरक्षा से जुड़े मामलों में तथ्यों का सत्यापन, संयम और संवेदनशीलता बेहद जरूरी है। उन्होंने पत्रकारों को संदेश दिया, “कम शोर, अधिक समाचार; कम सनसनी, अधिक उत्तरदायित्व।”

भारतीय प्रेस परिषद की अध्यक्ष न्यायमूर्ति (सेवानिवृत्त) रंजना प्रकाश देसाई ने कहा कि परिषद प्रेस की स्वतंत्रता की रक्षा और पत्रकारिता के मानकों में सुधार के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि डिजिटल युग में कुछ ही सेकंड में लाखों लोगों तक सूचना पहुंच रही है, लेकिन समाचार प्रसारित करने वाले प्रत्येक व्यक्ति को पत्रकारिता के नैतिक मानकों का प्रशिक्षण प्राप्त नहीं होता। ऐसे में सटीकता और नैतिकता का महत्व और बढ़ जाता है।

सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय के सचिव चंचल कुमार ने कहा कि लोकप्रियता को सत्य से ऊपर नहीं रखा जाना चाहिए। टीआरपी और क्लिक के दबाव में तथ्यों की अनदेखी नहीं होनी चाहिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि कृत्रिम बुद्धिमत्ता पत्रकारिता में सहायक हो सकती है, लेकिन संपादकीय विवेक और जवाबदेही की जिम्मेदारी मनुष्य की ही रहेगी।
वहीं, पीसीआई सदस्य एवं राज्यसभा सांसद डॉ. सुधांशु त्रिवेदी ने अंतरराष्ट्रीय सूचकांकों की समालोचनात्मक समीक्षा करने की आवश्यकता बताई। उन्होंने कहा कि देश के विकास के साथ सत्यनिष्ठा और सूचनाओं का जिम्मेदारी से प्रसार भी जरूरी है।
समारोह में भारतीय प्रेस परिषद ने ‘पत्रकारिता आचरण के मानदंडों’ का वर्ष 2026 का संस्करण जारी किया। इसमें प्राकृतिक आपदाओं, संघर्ष, विरोध प्रदर्शनों, बच्चों की निजता, दिव्यांगजनों और यौनकर्मियों से संबंधित समाचारों की रिपोर्टिंग सहित ऑनलाइन गेमिंग के विज्ञापनों को लेकर नए दिशा-निर्देश शामिल किए गए हैं।
