सोनीपत खबर: सोनीपत अस्पताल की अमृत फार्मेसी में मरीजों को आधी कीमत तक दवाइयां मिलेंगी: मंत्री कृष्ण लाल पंवार
सोनीपत: विकास एवं पंचायत मंत्री कृष्ण लाल पंवार अमृत फार्मेसी का उद्घाटन करते हुए।
- विकास एवं पंचायत मंत्री कृष्ण लाल पंवार ने किया उद्घाटन, कैंसर जैसी बीमारियों की दवाइयां भी सस्ती मिलेंगी
- मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने प्रदेश के 16 जिला अस्पतालों में योजना का किया शुभारंभ
सोनीपत, अजीत कुमार। जिला नागरिक अस्पताल सोनीपत में अमृत फार्मेसी शुरू हो गई है। यहां मरीजों को बाजार की तुलना में 50 प्रतिशत तक कम कीमत पर दवाइयां मिलेंगी। इनमें कैंसर सहित कई गंभीर बीमारियों की दवाइयां भी शामिल हैं। शुक्रवार को मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने यमुनानगर में आयोजित राज्य स्तरीय कार्यक्रम से वर्चुअल माध्यम से प्रदेश के 16 जिला अस्पतालों में अमृत फार्मेसियों का शुभारंभ किया। सोनीपत में आयोजित कार्यक्रम में विकास एवं पंचायत मंत्री कृष्ण लाल पंवार ने जिला नागरिक अस्पताल में अमृत फार्मेसी का उद्घाटन किया। इसके साथ ही उन्होंने गांव रूखी खास के जलघर में नहरी पानी के भंडारण के लिए बनाए गए आरसीसी टैंक और संबंधित कार्यों का भी उद्घाटन किया।
मंत्री कृष्ण लाल पंवार ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन और मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में शुरू की गई यह योजना गरीब और जरूरतमंद मरीजों के लिए बड़ी राहत है। महंगी दवाइयों के कारण जिन परिवारों को आर्थिक परेशानी उठानी पड़ती है, उन्हें अब कम कीमत पर दवाइयां मिल सकेंगी। सरकार सरकारी अस्पतालों में बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध करवाने के लिए प्रयास कर रही है। प्रदेश के अस्पतालों में सीटी स्कैन, एमआरआई और नि:शुल्क डायलिसिस की सुविधा दी जा रही है। इसके अलावा 500 से अधिक प्रकार की दवाइयां उपलब्ध हैं। प्रदेश में मेडिकल कॉलेजों की संख्या भी सात से बढ़कर 19 हो गई है।
उन्होंने बताया कि सोनीपत जिला नागरिक अस्पताल में प्रतिदिन करीब 1800 से 2000 मरीज ओपीडी में आते हैं। ग्रामीण क्षेत्रों में अमृत फार्मेसी के बारे में जागरूकता अभियान चलाया जाए, ताकि जरूरतमंद मरीज इसका लाभ उठा सकें। आयुष्मान भारत योजना में पात्र गरीब परिवारों को पांच लाख रुपये तक के स्वास्थ्य बीमा की सुविधा मिल रही है।

हरियाणा सार्वजनिक उपक्रम ब्यूरो के चेयरमैन एवं भाजपा के पूर्व प्रदेशाध्यक्ष मोहनलाल बड़ौली ने कहा कि जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना सरकार की प्राथमिकता है। अमृत फार्मेसी का लाभ तभी मिलेगा, जब अस्पताल में निर्धारित दवाइयां नियमित रूप से उपलब्ध रहेंगी। उन्होंने आशा और आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं सहित स्वास्थ्य विभाग के मैदानी कर्मचारियों के माध्यम से गांव-गांव तक योजना की जानकारी पहुंचाने और दवाइयों की उपलब्धता की नियमित निगरानी करने पर जोर दिया।
विधायक निखिल मदान ने कहा कि गंभीर बीमारियों की महंगी दवाइयां खरीदना गरीब परिवारों के लिए मुश्किल होता है। अमृत फार्मेसी से ऐसे मरीजों को बड़ी राहत मिलेगी। कार्यक्रम में विधायक पवन खरखौदा, मेयर राजीव जैन, उपायुक्त नेहा सिंह, भाजपा जिलाध्यक्ष अशोक भारद्वाज, बिजेंद्र मलिक, सीएमओ अलंकृता गेरा और पंचायत राज विभाग के कार्यकारी अभियंता कुलबीर फौगाट सहित अन्य अधिकारी व गणमान्य व्यक्ति मौजूद रहे।
गांव रूखी खास में आरसीसी टैंक के उद्घाटन के दौरान मंत्री ने बताया कि प्रदेश में करीब 19 हजार तालाब हैं। इनमें से 16 हजार का सर्वे करवाया गया है और पहले चरण में 2200 तालाबों को सुधार के लिए चुना गया है। इनकी सफाई, गाद निकालने, तटबंध मजबूत करने, रास्ते बनाने, स्ट्रीट लाइट, बेंच और पौधरोपण जैसे काम करवाए जाएंगे। इससे जल संरक्षण के साथ किसानों और पशुधन को भी लाभ मिलेगा।
