सोनीपत में करोड़ों के कथित चिट फंड घोटाले का मामला दर्ज: भरोसा जीतकर लाखों हड़पने का आरोप; तीन पर एफआईआर
AI से जनरेट फोटो।
सोनीपत, अजीत कुमार। सोनीपत में करोड़ों रुपये के कथित अवैध चिट फंड (कमेटी) घोटाले का मामला सामने आया है। सिविल लाइन थाना पुलिस ने पुलिस आयुक्त कार्यालय से अनुमति मिलने के बाद तीन आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। शिकायतकर्ता का आरोप है कि आरोपियों ने वर्षों तक समय पर भुगतान कर भरोसा जीता और बाद में अधिक मुनाफे का लालच देकर लाखों रुपये कमेटियों और उधार के नाम पर लेकर हड़प लिए।
ज्ञान नगर निवासी प्रवीण कुमार ने शिकायत में बताया कि मुख्य आरोपी जोगेंद्र उर्फ लीलू बचपन से परिचित था। वर्ष 2016 से जोगेंद्र और उसकी पत्नी सुमन ने उन्हें कमेटियों में निवेश के लिए प्रेरित किया। शुरुआती वर्षों में समय पर भुगतान मिलने से उनका विश्वास मजबूत होता गया। वर्ष 2023 तक सब कुछ सामान्य रहा, लेकिन इसके बाद कथित तौर पर अधिक रकम निवेश कराने का सिलसिला शुरू हुआ।
शिकायत के अनुसार वर्ष 2023 में आरोपी जयकिशन भी इस काम में शामिल हो गया। इसके बाद कई बड़ी कमेटियां शुरू कर शिकायतकर्ता के नौ हिस्से डलवाए गए। आरोप है कि जुलाई 2023 से मई 2024 के बीच शिकायतकर्ता ने लगभग 7.95 लाख रुपये जमा किए, लेकिन उसे केवल करीब 71 हजार रुपये ही वापस मिले।
शिकायतकर्ता ने यह भी आरोप लगाया कि आरोपियों ने वर्ष 2020 और 2023 में उधार के नाम पर कुल छह लाख रुपये लिए तथा नई कार खरीदने के दौरान उसके क्रेडिट कार्ड से 40,800 रुपये का भुगतान भी कराया। इसके अलावा उसके नाम पर मोबाइल फोन फाइनेंस करवाकर उसकी किश्तें भी उसी के खाते से कटवाई जा रही हैं।
प्रवीण कुमार का आरोप है कि जब उन्होंने अपनी रकम वापस मांगी तो आरोपियों ने जान से मारने की धमकी दी। पुलिस की प्रारंभिक जांच में आरोप प्रथम दृष्टया सही पाए गए। इसके बाद अनियमित जमा योजनाओं पर प्रतिबंध अधिनियम-2019 तथा भारतीय दंड संहिता की संबंधित धाराओं के तहत तीनों आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस का कहना है कि मामले की गहन जांच जारी है और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
