सोनीपत क्राइम: दिलेर खरकिया की रेंज रोवर पर फायरिंग का आरोपी मुठभेड़ में घायल
सोनीपत: गिरफतार वांछित बदमाश रोहित का चिकित्सक उपचार करते हुए।
पुलिस के मुताबिक, रोहित के बारोटा-छतहेरा क्षेत्र में आने की सूचना मिली थी। टीम ने संदिग्ध बाइक सवार को रुकने का इशारा किया, लेकिन वह भागने लगा। घेराबंदी के दौरान उसने पुलिस टीम पर दो गोलियां चलाईं। जवाब में पुलिस ने आत्मरक्षा में गोली चलाई, जिसमें उसके दोनों पैरों में गोली लगी। मौके से पिस्तौल, बाइक और एक थैला बरामद किया गया है। पुलिस ने उसे काबू कर उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया। पुलिस जांच में सामने आया है कि रोहित का नाम दिलेर खरकिया की गाड़ी पर हुई फायरिंग के मामले में आया था। 17 सितंबर की रात भिवानी के खरक कलां गांव में दिलेर खरकिया के घर के बाहर खड़ी रेंज रोवर पर बाइक सवार बदमाश ने गोली चलाई थी। घटना सीसीटीवी में कैद हुई थी। उस समय दिलेर गाड़ी में मौजूद नहीं थे, जिससे वह सुरक्षित बच गए। वारदात के बाद इंटरनेट मीडिया पर अनिल पंडित के नाम से एक पोस्ट सामने आई थी, जिसमें हमले की जिम्मेदारी लेने का दावा करते हुए धमकी दी गई थी।
एसआईटी इंचार्ज इंस्पेक्टर अजय धनखड़ ने बताया कि रोहित हिसार में टोल मैनेजर की हत्या के मामले में भी शामिल रहा है। इसके अलावा दिलेर खरकिया की गाड़ी पर फायरिंग के मामले में भी उसका नाम सामने आया था। इस वारदात के बाद से वह फरार चल रहा था और पुलिस उसकी तलाश कर रही थी। रोहित के लॉरेंस गैंग से संबंध हैं। इसके अलावा सोनीपत में व्यापारी से रंगदारी मांगने के मामले में भी उसकी भूमिका की जांच की जा रही है। पहले भी पुलिस उसे पकड़ने का प्रयास कर चुकी थी, लेकिन वह मौके से निकल गया था। अब पुलिस उससे पूछताछ कर फायरिंग की पूरी साजिश, उसके साथियों और हथियार उपलब्ध कराने वालों के बारे में जानकारी जुटाएगी।
