सोनीपत: शहादत को नमन, नई पीढ़ी के लिए प्रेरणा बने बलवान सिंह: प्रदीप सांगवान
सोनीपत: शहीद बलवान सिंह राजकीय उच्च विद्यालय का उद्घाटन करते हुए भाजपा नेता प्रदीप सांगवान।
- शहीद बलवान सिंह राजकीय उच्च विद्यालय का उद्घाटन किया
सोनीपत, अजीत कुमार। सोनीपत के गांव रिवाड़ा के शहीद बलवान सिंह की पुण्यतिथि पर गुरुवार को श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित किया गया। भाजपा से बरोदा हलका के पूर्व प्रत्याशी प्रदीप सांगवान ने शहीद की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें नमन किया। गांव स्थित राजकीय उच्च विद्यालय का नाम प्रदेश सरकार ने शहीद राजकीय बलवान सिंह उच्च विद्यालय रखा है। कार्यक्रम के दौरान प्रदीप सांगवान ने विद्यालय के नए नाम का उद्घाटन किया।
शहीद बलवान सिंह सीमा सुरक्षा बल में हवलदार के पद पर कार्यरत थे। वे एक अक्टूबर 2001 को श्रीनगर में आतंकवादियों के साथ हुई मुठभेड़ में शहीद हो गए थे। प्रदीप सांगवान ने कहा कि शहीद बलवान सिंह की शहादत देशवासियों के लिए हमेशा प्रेरणा बनी रहेगी। अमर शहीद राष्ट्र का गौरव होते हैं। उन्होंने विद्यालय का नाम शहीद के नाम पर रखने के लिए मुख्यमंत्री नायब सैनी का आभार जताया।
प्रदीप सांगवान ने संदेश दिया कि शहीद बलवान सिंह का जीवन युवाओं को देशसेवा, साहस और कर्तव्यनिष्ठा की सीख देता है। उनकी शहादत हमें राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखने की प्रेरणा देती है। नई पीढ़ी उनके जीवन से सीख लेकर देश और समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारी ईमानदारी से निभाए।
कार्यक्रम में भैंसवाल मंडल भाजपा अध्यक्ष सूरत सिंह, डॉ. राममेहर राठी, सरपंच आशीष मलिक, हेडमास्टर प्रदीप मलिक, अध्यापिका दुर्गा देवी, शहीद की पत्नी यशवंती, बेटा योगेश, भाई जगमेंद्र, भतीजा राजेश मलिक सहित ग्रामीण और विद्यार्थी मौजूद रहे।
