July 4, 2026

राजस्थान को पीएम मोदी की बड़ी सौगात: आधुनिक रिफाइनरी का उद्घाटन, बोले- बेहतर प्रबंधन से गैस सिलेंडर के दाम बढ़ने से बचाए

PM Modi's major gift to Rajasthan: Inauguration of a modern refinery; says better management prevented gas cylinder prices from rising.

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को जोधपुर एयरपोर्ट के टर्मिनल के मॉडल को देखा। इस दौरान केंद्रीय मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत, मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा, सिविल एविएशन मंत्री राममोहन नायडू भी मौजूद रहे।

बालोतरा (राजस्थान)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को राजस्थान के बालोतरा जिले के पचपदरा में देश की सबसे आधुनिक रिफाइनरी का उद्घाटन किया और कई महत्वपूर्ण विकास परियोजनाओं की सौगात दी। इस दौरान उन्होंने कहा कि वैश्विक युद्ध और ऊर्जा संकट के बावजूद केंद्र सरकार के प्रभावी प्रबंधन और कूटनीतिक प्रयासों के कारण देश में घरेलू गैस सिलेंडर की कीमतों को नियंत्रित रखा गया। उन्होंने कहा कि यदि समय पर सही निर्णय नहीं लिए जाते तो रसोई गैस सिलेंडर की कीमत दो हजार रुपये तक पहुंच सकती थी, लेकिन सरकार के प्रयासों से आज यह लगभग 950 रुपये के आसपास उपलब्ध है।

प्रधानमंत्री ने रिफाइनरी के अत्याधुनिक कंट्रोल रूम का निरीक्षण किया और विशेषज्ञों से परियोजना की कार्यप्रणाली की जानकारी ली। इसके साथ ही उन्होंने जयपुर मेट्रो के दूसरे चरण की आधारशिला वर्चुअल माध्यम से रखी। इससे पहले जोधपुर में नए हवाई अड्डा टर्मिनल भवन का उद्घाटन करने के साथ ही ‘उड़ान-2.0’ योजना की भी शुरुआत की।

सभा को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि पश्चिम एशिया में युद्ध के कारण वैश्विक ऊर्जा संकट गहरा गया था। अप्रैल से जून के बीच पेट्रोल और डीजल पर तेल कंपनियों को लगभग 75 हजार करोड़ रुपये का नुकसान हुआ, जिसकी भरपाई सरकार ने की ताकि आम जनता पर अतिरिक्त बोझ न पड़े। उन्होंने कहा कि भारत ने अपनी कूटनीति को मजबूत बनाते हुए ईंधन आयात करने वाले देशों की संख्या 25-26 से बढ़ाकर लगभग 40 कर दी, जिससे ऊर्जा आपूर्ति प्रभावित नहीं हुई।

प्रधानमंत्री ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि पूर्ववर्ती सरकारें राजस्थान के जल संकट का स्थायी समाधान नहीं कर सकीं। उन्होंने याद दिलाया कि जब वह गुजरात के मुख्यमंत्री थे और वसुंधरा राजे राजस्थान की मुख्यमंत्री थीं, तब बिना किसी विवाद के नर्मदा का पानी राजस्थान तक पहुंचाने का निर्णय लिया गया, जिसका लाभ आज हजारों गांवों को मिल रहा है।

उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी केवल परियोजनाओं की घोषणा नहीं करती, बल्कि उन्हें समय पर पूरा भी करती है। दो महीने पहले रिफाइनरी में लगी आग का उल्लेख करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि कठिन परिस्थितियों के बावजूद रिकॉर्ड समय में कार्य पूरा कर उद्घाटन के लिए तैयार करना नए भारत की कार्यसंस्कृति और संकल्प शक्ति का प्रमाण है।

उल्लेखनीय है कि 20 अप्रैल को रिफाइनरी की क्रूड डिस्टिलेशन यूनिट और वैक्यूम डिस्टिलेशन यूनिट में आग लगने के कारण उद्घाटन कार्यक्रम स्थगित करना पड़ा था। अब परियोजना के पूर्ण रूप से तैयार होने के बाद इसका शुभारंभ किया गया है, जिससे राजस्थान के औद्योगिक विकास, ऊर्जा सुरक्षा और रोजगार के नए अवसरों को गति मिलने की उम्मीद है।

About The Author