सोनीपत: पीएम स्वनिधि योजना से रेहड़ी-फड़ी विक्रेताओं को मिलेगा आत्मनिर्भरता का संबल
सोनीपत: अधिकारीयों के साथ चर्चा करती उपयुक्त नेहा सिंह।
सोनीपत, अजीत कुमार। सोनीपत में प्रधानमंत्री स्ट्रीट वेंडर्स आत्मनिर्भर निधि (पीएम स्वनिधि) योजना के प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर मंगलवार को लघु सचिवालय में जिला स्तरीय निगरानी एवं कार्यान्वयन समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता नगराधीश सिमरन ने की। इस दौरान योजना के तहत बैंकों में लंबित आवेदनों की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को पात्र लाभार्थियों के सभी आवेदन प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र स्वीकृत करने के निर्देश दिए गए।
नगराधीश सिमरन ने कहा कि प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना रेहड़ी-फड़ी विक्रेताओं को आर्थिक रूप से सशक्त और आत्मनिर्भर बनाने की महत्वपूर्ण पहल है। योजना के अंतर्गत पात्र विक्रेताओं को बिना गारंटी आसान शर्तों पर तीन चरणों में 15 हजार, 25 हजार और 50 हजार रुपये तक का ऋण उपलब्ध कराया जाता है। समय पर ऋण चुकाने वाले लाभार्थियों को ब्याज अनुदान, डिजिटल भुगतान पर प्रोत्साहन राशि तथा अगले चरण में अधिक ऋण की सुविधा भी दी जाती है।
उन्होंने खंड विकास एवं पंचायत अधिकारियों तथा शहरी निकायों के अधिकारियों को निर्देश दिए कि योजना का व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाए। साथ ही हाल ही में योजना में शामिल किए गए बैंयापुर और बढ़मलिक गांवों के पात्र रेहड़ी-फड़ी विक्रेताओं की पहचान कर उन्हें आवेदन के लिए प्रेरित किया जाए, ताकि कोई भी पात्र व्यक्ति योजना के लाभ से वंचित न रहे।
नगराधीश ने बताया कि इस योजना के माध्यम से लाभार्थियों को विभिन्न सामाजिक सुरक्षा योजनाओं से भी जोड़ा जा रहा है। साथ ही डिजिटल भुगतान और खाद्य सुरक्षा संबंधी प्रशिक्षण भी उपलब्ध कराया जा रहा है। उन्होंने सभी विभागों से समन्वय के साथ कार्य करते हुए पात्र लाभार्थियों को योजना की जानकारी, आवेदन प्रक्रिया और आवश्यक दस्तावेजों के संबंध में जागरूक करने का आह्वान किया। बैठक में विभिन्न विभागों एवं बैंकों के अधिकारियों ने भी भाग लिया।
