July 3, 2026

पंजाब की सियासत में हलचल: अमित शाह से मिले रंधावा; कांग्रेस में बढ़ी अंदरूनी नाराजगी

Stir in Punjab politics; Randhawa meets Amit Shah; internal discontent within Congress rises.

कांग्रेस सांसद और पंजाब के पूर्व उपमुख्यमंत्री सुखजिंदर सिंह रंधावा।

नई दिल्ली/चंडीगढ़। पंजाब विधानसभा चुनाव से पहले राज्य की राजनीति में हलचल तेज हो गई है। कांग्रेस में संगठनात्मक नियुक्तियों को लेकर असंतोष खुलकर सामने आने लगा है। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष के रूप में अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग को बनाए रखने के फैसले के बाद कई वरिष्ठ नेताओं की नाराजगी चर्चा का विषय बनी हुई है। इसी बीच कांग्रेस सांसद और पंजाब के पूर्व उपमुख्यमंत्री सुखजिंदर सिंह रंधावा ने गुरुवार को नई दिल्ली में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से मुलाकात कर राजनीतिक सरगर्मियां और बढ़ा दी हैं।

मुलाकात के बाद रंधावा ने स्पष्ट किया कि उनकी बातचीत का मुख्य विषय पंजाब की बिगड़ती कानून-व्यवस्था और सीमावर्ती क्षेत्रों की सुरक्षा से जुड़े मुद्दे रहे। उन्होंने बताया कि उन्होंने पहले भी प्रधानमंत्री और गृह मंत्री को पत्र लिखकर गुरदासपुर, अमृतसर, तरनतारन और पठानकोट जैसे सीमावर्ती जिलों की स्थिति पर चिंता जताई थी। इन पत्रों में पाकिस्तान समर्थित आतंकवाद, नशा तस्करी, गैंगस्टर गतिविधियों, जबरन वसूली तथा पंजाब पुलिस के कथित राजनीतिक इस्तेमाल जैसे गंभीर विषयों का उल्लेख किया गया था।

रंधावा ने कहा कि 23 जून को भेजे गए दूसरे पत्र में भी उन्होंने गैंगस्टरों की बढ़ती गतिविधियों और कानून-व्यवस्था की चुनौतियों का विस्तार से उल्लेख किया था। उन्हीं पत्रों के आधार पर उन्हें चर्चा के लिए बुलाया गया। बैठक में उन्होंने केंद्रीय खुफिया एजेंसियों की भूमिका, जेलों के भीतर से मोबाइल फोन के कथित इस्तेमाल और बढ़ती रंगदारी की घटनाओं पर भी चिंता व्यक्त की। उनका कहना था कि यदि केंद्र सरकार मानती है कि पाकिस्तान की ओर से राष्ट्रीय सुरक्षा को चुनौती मिल रही है, तो इस दिशा में प्रभावी कार्रवाई आवश्यक है।

दूसरी ओर, कांग्रेस के भीतर संगठनात्मक बदलावों को लेकर असंतोष भी बढ़ता दिखाई दे रहा है। रंधावा ने कहा कि कई दौर की बैठकों के बाद भी यदि नेताओं में संतोष नहीं है, तो यह पार्टी के लिए चिंताजनक स्थिति है। उन्होंने इसे दुर्भाग्यपूर्ण बताते हुए कहा कि ऐसे हालात पैदा ही नहीं होने चाहिए थे।

उधर, पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी ने मोरिंडा स्थित अपने निवास पर समर्थकों की बैठक बुलाई, जिसमें कई वरिष्ठ नेता शामिल हुए। इससे कांग्रेस के भीतर चल रही राजनीतिक गतिविधियों को लेकर अटकलें और तेज हो गई हैं।

वहीं, रंधावा और अमित शाह की मुलाकात पर प्रतिक्रिया देते हुए पंजाब भाजपा अध्यक्ष केवल सिंह ढिल्लों ने कहा कि भाजपा एक बड़ा राजनीतिक परिवार है और इसमें आने वाले प्रत्येक व्यक्ति का स्वागत है। हालांकि उन्होंने यह भी कहा कि सांसद होने के नाते नेताओं की मुलाकातें सामान्य प्रक्रिया का हिस्सा हैं और इसे किसी राजनीतिक निष्कर्ष से जोड़ना उचित नहीं होगा।

About The Author