सोनीपत: विशाल नगर की मूलभूत समस्याओं पर भड़के देवेंद्र गौतम, प्रशासन से त्वरित कार्रवाई की मांग
सोनीपत, अजीत कुमार। अन्याय के विरुद्ध–न्याय युद्ध मंच के संस्थापक एवं सामाजिक कार्यकर्ता देवेंद्र गौतम ने विशाल नगर, गली नंबर-8 का दौरा कर क्षेत्रवासियों की बिजली, पेयजल, सीवर और टूटी सड़कों से जुड़ी समस्याओं का जायजा लिया। स्थानीय लोगों ने बताया कि वे पिछले कई दिनों से मूलभूत सुविधाओं की मांग को लेकर आंदोलन कर रहे हैं, लेकिन अब तक स्थायी समाधान नहीं हो सका है।
निरीक्षण के दौरान देवेंद्र गौतम ने कहा कि क्षेत्र की स्थिति बेहद चिंताजनक है। कई स्थानों पर गलियों को खोदकर अधूरा छोड़ दिया गया है, जिससे लोगों का आवागमन प्रभावित हो रहा है। उन्होंने कहा कि पिछले लगभग दो महीनों से क्षेत्रवासी भारी परेशानियों का सामना कर रहे हैं, लेकिन संबंधित विभागों की ओर से अपेक्षित कार्रवाई नहीं की गई।
उन्होंने सबसे गंभीर मुद्दा पेयजल में सीवर के पानी की मिलावट को बताया। उनके अनुसार यदि लोगों को दूषित पानी पीने के लिए मजबूर होना पड़ रहा है, तो यह सीधे तौर पर जनस्वास्थ्य के साथ खिलवाड़ है। साथ ही अनियमित बिजली आपूर्ति के कारण भीषण गर्मी में लोगों का जीवन और अधिक कठिन हो गया है।
देवेंद्र गौतम ने कहा कि स्वच्छ पेयजल, नियमित बिजली, सुरक्षित सड़कें और बेहतर सीवर व्यवस्था प्रत्येक नागरिक का मूल अधिकार है। यदि इन बुनियादी सुविधाओं के लिए भी लोगों को सड़कों पर उतरकर आंदोलन करना पड़े, तो यह प्रशासन और जनप्रतिनिधियों की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े करता है।
उन्होंने प्रशासन से मांग की कि विशाल नगर में पेयजल की गुणवत्ता की तत्काल जांच कराई जाए। यदि पानी में सीवर की मिलावट पाई जाती है तो जिम्मेदार अधिकारियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाए। इसके साथ ही टूटी सड़कों की मरम्मत, सीवर व्यवस्था को दुरुस्त करने तथा नियमित बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए समयबद्ध कार्ययोजना सार्वजनिक की जाए।
देवेंद्र गौतम ने कहा कि जनता सरकार का चुनाव सम्मानपूर्वक जीवन जीने के लिए करती है, न कि अपनी बुनियादी आवश्यकताओं के लिए बार-बार आंदोलन करने के लिए। उन्होंने प्रशासन और जनप्रतिनिधियों से जनता की समस्याओं का शीघ्र समाधान कर लोकतांत्रिक व्यवस्था में लोगों का विश्वास बनाए रखने की अपील की।
