June 25, 2026

सोनीपत: मुरथल में ढाबे से घर लौट रही महिला को स्कॉर्पियो ने कुचला, मौत

Sonipat Woman returning home from a dhaba in Murthal run over by a Scorpio; dies.

AI से जनरेट फोटो।

सोनीपत, अजीत कुमार। सोनीपत मुरथल स्थित राष्ट्रीय राजमार्ग पर सड़क हादसे में एक महिला की जान चली गई। तेज रफ्तार स्कॉर्पियो चालक ने सड़क पार कर रही महिला को टक्कर मार दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई। अस्पताल पहुंचने पर चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। हादसे के बाद आरोपी चालक वाहन मौके पर छोड़कर फरार हो गया।

मृतका की पहचान गांव हलालपुर निवासी पूनम के रूप में हुई है। पूनम अपने पति वीरेंद्र के निधन के बाद मुरथल के झिलमिल ढाबे पर काम करके परिवार का पालन-पोषण कर रही थीं। उनकी 15 वर्षीय बेटी शिवानी है, जिसकी जिम्मेदारी भी उन्हीं के कंधों पर थी।

जानकारी के अनुसार, मंगलवार शाम पूनम अपनी ड्यूटी समाप्त कर घर जाने के लिए पैदल सड़क पार कर रही थीं। इसी दौरान पानीपत की ओर से आ रही एक तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ने महारानी ढाबे के सामने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि पूनम गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर गईं।

घटना के बाद आसपास मौजूद लोगों और परिजनों ने तुरंत उन्हें एम्बुलेंस के माध्यम से सोनीपत के सरकारी अस्पताल पहुंचाया। हालांकि चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। चिकित्सको के अनुसार, सिर और शरीर पर आई गंभीर चोटें उनकी मौत का कारण बनीं। घटना की सूचना मिलते ही मुरथल थाना पुलिस की टीम अस्पताल पहुंची और मामले की जांच शुरू की। मृतका के भाई बिट्टू के बयान के आधार पर पुलिस ने आरोपी वाहन चालक के खिलाफ लापरवाही से वाहन चलाने और मृत्यु कारित करने की धाराओं के तहत बुधवार को मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त स्कॉर्पियो को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। फरार चालक की पहचान और गिरफ्तारी के लिए प्रयास किए जा रहे हैं।

About The Author