सोनीपत पुलिस की बड़ी कार्रवाई: सिंघु बॉर्डर क्षेत्र में अवैध अतिक्रमण हटाया, आगे भी जारी रहेगा अभियान
सोनीपत पुलिस की बड़ी कार्रवाई: सिंघु बॉर्डर क्षेत्र में अवैध अतिक्रमण हटाया, आगे भी जारी रहेगा अभियान।
सोनीपत, अजीत कुमार। सोनीपत पुलिस द्वारा जिले में अवैध अतिक्रमण के विरुद्ध चलाया जा रहा विशेष अभियान लगातार जारी है। पुलिस आयुक्त ममता सिंह तथा पुलिस उपायुक्त पूर्वी क्षेत्र मेधा भूषण के मार्गदर्शन में मंगलवार को प्रशासनिक अधिकारियों के साथ संयुक्त कार्रवाई करते हुए सिंघु बॉर्डर क्षेत्र में स्थित शराब ठेके के आसपास किए गए अवैध अतिक्रमण को हटवाया गया।
अभियान के दौरान पुलिस और प्रशासन की संयुक्त टीम ने मौके पर पहुंचकर अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई शांतिपूर्ण और व्यवस्थित तरीके से संपन्न कराई। कार्रवाई के दौरान कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया गया था। सहायक पुलिस आयुक्त राई मलकीत सिंह तथा कुंडली थाना प्रभारी सेठी मलिक अपनी टीम के साथ मौके पर मौजूद रहे और पूरी कार्रवाई की निगरानी करते रहे।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि सार्वजनिक स्थानों, सड़कों और सरकारी भूमि पर किए गए अवैध कब्जे आम नागरिकों के लिए परेशानी का कारण बनते हैं। ऐसे अतिक्रमणों से यातायात व्यवस्था प्रभावित होती है तथा लोगों को आवागमन में कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है। इसी को ध्यान में रखते हुए प्रशासन और पुलिस द्वारा लगातार अभियान चलाकर अवैध अतिक्रमण हटाने का कार्य किया जा रहा है।
सोनीपत पुलिस ने स्पष्ट किया कि जनहित को प्रभावित करने वाले किसी भी प्रकार के अवैध कब्जे को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। भविष्य में भी जिले के विभिन्न क्षेत्रों में ऐसे विशेष अभियान जारी रहेंगे और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस ने आमजन से भी सहयोग की अपील करते हुए कहा कि वे सार्वजनिक स्थलों पर अवैध कब्जा न करें और शहर को स्वच्छ, सुरक्षित तथा व्यवस्थित बनाए रखने में प्रशासन का सहयोग करें। पुलिस और प्रशासन की यह संयुक्त पहल नागरिक सुविधाओं को बेहतर बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।
