November 9, 2026

सोनीपत: डीसीआरयूएसटी ने मल्टी-फ्लो बायोमास तकनीक का भारतीय पेटेंट हासिल किया

DCRUST secures an Indian patent for multi-flow biomass technology

सोनीपत: कुलगुरु प्रो. श्री प्रकाश सिंह के साथ डीसीआरयूएसटी के प्रो. (डॉ.) अवधेश कुमार शर्मा, अपने नाम जारी भारतीय पेटेंट प्रदर्शित करते हुए।

  • विकसित हुई स्वदेशी तकनीक, कृषि अवशेषों से ऊर्जा उत्पादन में मिलेगी मदद
  • मैकेनिकल इंजीनियरिंग विभाग के प्रो. अवधेश कुमार शर्मा के नाम जारी हुआ पेटेंट

सोनीपत, अजीत कुमार। दीनबंधु छोटूराम विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय, मुरथल ने स्वदेशी तकनीक और हरित ऊर्जा के क्षेत्र में महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल की है। विश्वविद्यालय ने मल्टी-फ्लो बायोमास गैसीफिकेशन प्रणाली के नए डिजाइन के लिए भारतीय पेटेंट प्राप्त किया है। यह तकनीक कृषि अवशेषों और अन्य जैविक पदार्थों से ऊर्जा उत्पादन की संभावनाओं को बढ़ाएगी। विश्वविद्यालय के कुलगुरु प्रो. श्री प्रकाश सिंह के मार्गदर्शन और प्रोत्साहन से इस शोध को आगे बढ़ाने में मदद मिली।

विश्वविद्यालय के मैकेनिकल इंजीनियरिंग विभाग के प्रो. (डॉ.) अवधेश कुमार शर्मा के नाम यह पेटेंट जारी किया गया है। वर्ष 2011 से किए जा रहे उनके नवाचार और तकनीकी प्रयासों से जुड़ी इस उपलब्धि का पेटेंट नंबर 6066169 है। पेटेंट का शीर्षक मल्टी-फ्लो बायोमास गैसीफिकेशन सिस्टम एंड ए मेथड देयरऑफ है।

इस तकनीक की खासियत यह है कि इसमें पारंपरिक गैसीफिकेशन संयंत्रों में इस्तेमाल होने वाली अलग-अलग प्रक्रियाओं को एक साथ जोड़कर नई प्रणाली विकसित की गई है। इसमें इक्वलाइजेशन रेजिस्टेंस, कंप्यूटर सिमुलेशन प्रोग्राम और थर्मल क्रैकिंग जैसी तकनीकी अवधारणाओं का इस्तेमाल किया गया है। इसका उद्देश्य बायोमास के ताप-रासायनिक रूपांतरण को अधिक प्रभावी बनाना और उससे उपयोगी गैस प्राप्त करने की संभावनाओं को बढ़ाना है।

इस प्रणाली के माध्यम से पराली, कृषि अवशेषों और दूसरे जैविक पदार्थों का ऊर्जा उत्पादन में उपयोग किया जा सकेगा। इससे कृषि अवशेषों के बेहतर इस्तेमाल के साथ उनके निस्तारण की समस्या को कम करने में भी मदद मिल सकती है। तकनीक के जरिए तापीय, यांत्रिक और विद्युत ऊर्जा का उत्पादन किया जा सकता है। ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में स्थानीय स्तर पर ऊर्जा की जरूरतें पूरी करने के साथ रोजगार के नए अवसर पैदा करने की भी इसमें क्षमता है।

कुलगुरु प्रो. श्री प्रकाश सिंह ने कहा कि विश्वविद्यालय का उद्देश्य शोध और पेटेंट हासिल करने तक सीमित नहीं है, बल्कि शोध को समाज की वास्तविक जरूरतों से जोड़ना है। स्वदेशी तकनीक, हरित ऊर्जा और पर्यावरण संरक्षण आज की प्रमुख जरूरतें हैं। कृषि अवशेषों का वैज्ञानिक उपयोग करने वाली ऐसी तकनीक आत्मनिर्भर भारत के लक्ष्य को मजबूती दे सकती है।

उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालय प्रशासन शोधकर्ताओं को बेहतर सुविधाएं और अनुकूल वातावरण उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है। शोध एवं नवाचार को उद्योग और समाज की जरूरतों से जोड़ने पर विशेष जोर दिया जा रहा है। यह तकनीक व्यावसायिक उपयोग की दृष्टि से भी तैयार है और ऊर्जा क्षेत्र में नए विकल्प उपलब्ध कराने की क्षमता रखती है।

About The Author