November 9, 2026

सोनीपत: खरखौदा में पानी विवाद में युवक की पीटकर हत्या, पार्क में मिला शव

Sonipat: Youth beaten to death amid a water dispute in Kharkhoda; body found in a park

सोनीपत: अस्पताल में पुलिस अधिकारी जांच करते हुए इनसेट में मृतक दीपक का फाइल फोटो।

सोनीपत, अजीत कुमार। सोनीपत के खरखौदा में दीपावली की रात पानी भरने को लेकर हुए विवाद में 37 वर्षीय युवक की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। सोमवार सुबह रोहतक रोड स्थित अंबेडकर पार्क में युवक का खून से लथपथ शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक के सिर पर गंभीर चोटों के निशान मिले हैं। परिजनों ने आरोप लगाया कि दीपक के सिर पर लोहे की रॉड से हमला कर उसकी हत्या की गई है। पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए नागरिक अस्पताल भेज दिया है। एफएसएल टीम ने भी मौके से जरूरी साक्ष्य जुटाए हैं।

पुलिस के अनुसार, कंट्रोल रूम के माध्यम से सूचना मिली थी कि अंबेडकर पार्क में एक युवक का शव पड़ा है। सूचना मिलते ही खरखौदा थाना पुलिस मौके पर पहुंची। जांच के दौरान मृतक की पहचान खरखौदा निवासी दीपक के रूप में हुई। परिजनों को घटना की जानकारी सोमवार सुबह करीब छह बजे मिली।

मृतक के साथी हर्ष उर्फ अन्ना के अनुसार, दीपावली की रात कुछ युवक पार्क के आसपास पटाखे फोड़ रहे थे और शराब पी रहे थे। इसी दौरान पानी भरने को लेकर पहले से चल रहा विवाद बढ़ गया। आरोप है कि तीन से चार युवकों ने उन पर हमला कर दिया। दीपक झगड़े में बीच-बचाव करने पहुंचा था। बाद में वह आरओ का पानी लेने के लिए पार्क की तरफ चला गया। इसके बाद सुबह उसी पार्क में उसका शव मिला।

झगड़े में दो अन्य युवक भी घायल हुए हैं। इनमें धोलू का पैर टूट गया, जबकि हर्ष के हाथ में फ्रैक्चर आया है। दोनों घायल भी खरखौदा के रहने वाले हैं। पुलिस घायलों के बयान के आधार पर भी पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है। मृतक के भाई सौरव ने बताया कि दीपक की उम्र लगभग 38 वर्ष थी और वह खरखौदा में हार्डवेयर की दुकान पर काम करता था। वह अविवाहित था। सौरव के अनुसार, उसके भाई की किसी के साथ कोई रंजिश नहीं थी। उसने आरोप लगाया कि दीपावली की रात अंबेडकर पार्क में लोहे की रॉड से सिर पर वार कर उसके भाई की हत्या की गई। परिजनों ने पुलिस से आरोपियों को जल्द गिरफ्तार करने की मांग की है।

परिजनों की ओर से खरखौदा के चार से पांच युवकों पर हत्या में शामिल होने का आरोप लगाया गया है। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर एफएसएल टीम की मदद से जरूरी नमूने और साक्ष्य जुटाए हैं। पार्क और आसपास के क्षेत्र में घटना से जुड़े तथ्यों की जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि घायलों के बयान, उपलब्ध साक्ष्यों और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर हत्या के कारणों तथा वारदात में शामिल आरोपियों की भूमिका स्पष्ट की जाएगी।

About The Author