November 10, 2026

सोनीपत: विधायक कादियान ने किया प्रतिभाओं का सम्मान, रखी धर्मशाला की नींव

Sonipat: MLA Kadian honors talented individuals, lays foundation stone for a community hall (dharmashala)

गन्नौर, अजीत कुमार। रेलवे रोड स्थित श्री विश्वकर्मा मंदिर एवं धर्मशाला में मंगलवार को भगवान विश्वकर्मा दिवस के अवसर पर वार्षिक पूजन महोत्सव श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाया गया। कार्यक्रम में विधायक देवेंद्र कादियान ने बतौर मुख्यातिथि शिरकत की। उन्होंने भगवान विश्वकर्मा की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर नमन किया। इस अवसर पर विधायक ने धर्मशाला में नए भवन निर्माण के लिए नारियल फोड़कर नींव रखी तथा समाज के करीब 45 मेधावी विद्यार्थियों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया।

Sonipat: MLA Kadian honors talented individuals, lays foundation stone for a community hall (dharmashala)

विधायक देवेंद्र कादियान ने कहा कि भगवान विश्वकर्मा सृजन, निर्माण और तकनीकी कौशल के प्रतीक हैं। उनका जीवन मेहनत, हुनर और रचनात्मकता के प्रति समर्पित रहने की प्रेरणा देता है। उन्होंने कहा कि आज का युग आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) और आधुनिक तकनीक का है। ऐसे में कारीगरों को अपने पारंपरिक हुनर के साथ आधुनिक तकनीकी ज्ञान भी हासिल करना होगा, ताकि वे बदलते समय के साथ आगे बढ़ सकें। उन्होंने समाज के लोगों से बेटों के साथ बेटियों को भी उच्च शिक्षा दिलाने का आह्वान किया।

कार्यक्रम के दौरान समाज के लोगों ने विधायक के समक्ष शहर में भगवान श्री विश्वकर्मा के नाम पर चौक बनाने सहित अन्य मांगें रखीं। विधायक ने इन मांगों पर उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया। कार्यक्रम के समापन पर भंडारे का आयोजन किया गया।

वहीं, गांव घसौली की बीसी चौपाल में भी विश्वकर्मा दिवस उत्साहपूर्वक मनाया गया। विधायक कादियान ने दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। सरपंच महेश त्यागी और ग्रामीणों ने उनका स्वागत किया। इस अवसर पर विधायक ने समाज की एकता और क्षेत्र के विकास को प्राथमिकता देने की बात कही।

About The Author