November 10, 2026

सोनीपत: विधायक व महापौर ने गोवर्धन पूजा से प्रकृति संरक्षण और भाईचारे का संदेश दिया

Sonipat: MLA and Mayor convey a message of nature conservation and brotherhood through Govardhan Puja

सोनीपत: प्रसाद वितरित करते हुए महापौर राजीव जैन।

  • विधायक निखिल मदान और मेयर राजीव जैन ने विभिन्न कार्यक्रमों में की पूजा-अर्चना की, प्रसाद ग्रहण किया

सोनीपत, अजीत कुमार। गोवर्धन पूजा एवं अन्नकूट महोत्सव के अवसर पर मंगलवार को शहर की विभिन्न कॉलोनियों और धार्मिक स्थलों पर कार्यक्रम आयोजित किए गए। विधायक निखिल मदान और मेयर राजीव जैन ने अलग-अलग कार्यक्रमों में पहुंचकर पूजा-अर्चना की और क्षेत्रवासियों को पर्व की शुभकामनाएं दीं। दोनों जनप्रतिनिधियों ने श्रद्धालुओं के साथ प्रसाद ग्रहण किया और सभी के सुख-समृद्धि की कामना की।

विधायक निखिल मदान महावीर कॉलोनी स्थित सिद्धपीठ श्री लक्ष्मी नारायण बालाजी मंदिर, जीवन नगर के राम मंदिर, गुड़ मंडी में शिव सेवा समिति की ओर से आयोजित भंडारे और खाटू श्याम सोनीपत धाम में आयोजित कार्यक्रम में शामिल हुए। इसके अलावा उन्होंने सब्जी मंडी में आयोजित भंडारे में भी शिरकत की। उन्होंने भगवान श्रीकृष्ण और गोवर्धन महाराज के समक्ष शीश नवाकर क्षेत्र की खुशहाली की कामना की।

वहीं, मेयर राजीव जैन ने सेक्टर-14, देवनगर, इंदिरा कॉलोनी, जीवन नगर, जवाहर नगर और हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी में आयोजित गोवर्धन पूजा एवं अन्नकूट कार्यक्रमों में भाग लिया। उन्होंने श्रद्धालुओं को पर्व की बधाई देते हुए कहा कि गोवर्धन पूजा हमारी धार्मिक और सांस्कृतिक परंपरा के साथ प्रकृति के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करने का अवसर है।

Sonipat: MLA and Mayor convey a message of nature conservation and brotherhood through Govardhan Puja
सोनीपत: विधायक निखिल मदान गोवर्धन पूजा करते हुए।

विधायक निखिल मदान ने कहा कि भगवान श्रीकृष्ण द्वारा गोवर्धन पर्वत उठाकर ब्रजवासियों की रक्षा करने की कथा हमें प्रकृति, पर्यावरण, गौमाता और अन्न के महत्व का संदेश देती है। प्रकृति का संरक्षण और उसके संसाधनों का सम्मान करना हम सभी की जिम्मेदारी है। अन्नकूट महोत्सव सेवा, समर्पण और सामाजिक एकता की भावना को मजबूत करता है। मंदिरों और धार्मिक स्थलों पर आयोजित भंडारों में सभी वर्गों के लोग एक साथ प्रसाद ग्रहण करते हैं, जिससे आपसी भाईचारा बढ़ता है।

मेयर राजीव जैन ने कहा कि भगवान श्रीकृष्ण ने ब्रजवासियों को गोवर्धन पर्वत, प्रकृति और गौधन के महत्व से परिचित कराया था। इंद्रदेव के प्रकोप से लोगों की रक्षा के लिए उन्होंने अपनी छोटी उंगली पर गोवर्धन पर्वत उठाकर सभी को आश्रय दिया था। तभी से गोवर्धन पूजा की परंपरा चली आ रही है। अन्नकूट में भगवान को विभिन्न प्रकार के पकवानों का भोग लगाया जाता है और प्रसाद सभी श्रद्धालुओं में बांटा जाता है। यह पर्व अन्न का सम्मान करने और मिल-जुलकर त्योहार मनाने की प्रेरणा देता है।

विधायक ने धार्मिक आयोजनों के माध्यम से सनातन संस्कृति और परंपराओं को आगे बढ़ाने वाले मंदिर प्रबंधन, सेवा समितियों और श्रद्धालुओं की सराहना की। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन नई पीढ़ी को अपने संस्कारों से जोड़ते हैं। दोनों जनप्रतिनिधियों ने शहरवासियों के सुख, शांति और समृद्धि की कामना की।

कार्यक्रमों में नरेंद्र गुप्ता, प्रहलाद गोयल, अनुज मंगला, सुरेश भारद्वाज, हरि प्रकाश मंगला, बिन्नी गुप्ता, मयंक, मोनू प्रधान, धीरेन्द्र शांडिल्य, मनोज शर्मा, वेद बंसल, सुखबीर जिंदल, राकेश बंसल, भारत शर्मा, नवीन कुंडू, संजीत दहिया, आनंद सरोहा, बिशन गोयल, रमेश मंगला, रविंदर संधू, धर्मवीर शर्मा, परविंदर वर्मा, दीपक जैन और शीला प्रधान सहित अन्य लोग मौजूद रहे।

About The Author