June 24, 2026

कूड़ा उठान में लापरवाही पर मेयर राजीव जैन सख्त: जेबीएम कंपनी को दी कार्रवाई की चेतावनी

Mayor Rajiv Jain takes a tough stance on negligence in garbage collection; warns JBM company of action.

सोनीपत: कूड़ा उठान में लापरवाही पर मेयर राजीव जैन सख्त।

सोनीपत, अजीत कुमार। नगर निगम क्षेत्र में डोर-टू-डोर कूड़ा उठान व्यवस्था में लगातार मिल रही शिकायतों को लेकर नगर निगम मेयर राजीव जैन ने मंगलवार को जेबीएम कंपनी के अधिकारियों की कड़ी फटकार लगाई। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि यदि कंपनी ने जल्द व्यवस्था में सुधार नहीं किया तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

नगर निगम कार्यालय में आयोजित संयुक्त बैठक में मेयर राजीव जैन ने कंपनी अधिकारियों और निगम कर्मचारियों के साथ कूड़ा उठान व्यवस्था की समीक्षा की। बैठक में नगर निगम आयुक्त हर्षित कुमार, सहायक आयुक्त मीतू धनखड़, मुख्य सफाई निरीक्षक साहब सिंह, सतेंद्र दहिया तथा कंपनी की ओर से संजय मुरगई, विमल जिंदल सहित कई अधिकारी मौजूद रहे।

मेयर ने कहा कि सड़क सफाई का टेंडर समाप्त होने के बाद कंपनी को कूड़ा उठान कार्य और अधिक गंभीरता से करना चाहिए था, लेकिन इसके विपरीत नगर निगम क्षेत्र के आधे से अधिक हिस्सों में कूड़ा उठाने वाली गाड़ियां नियमित रूप से नहीं पहुंच रही हैं। इससे लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

उन्होंने कहा कि जब निगम की ओर से लोगों को सड़कों पर कूड़ा फेंकने के बजाय गाड़ियों में डालने के लिए प्रेरित किया जाता है तो नागरिकों का जवाब होता है कि गाड़ियां समय पर नहीं आतीं। कई स्थानों पर कई-कई दिनों तक कूड़ा नहीं उठाया जाता, जिससे लोगों के सामने घरों और दुकानों में कूड़ा रखने की समस्या खड़ी हो जाती है।

बैठक में जेबीएम कंपनी के अधिकारियों ने दो दिन के भीतर व्यवस्था में सुधार करने का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि कूड़ा उठान के लिए गाड़ियों का पूरा शेड्यूल तैयार कर नगर निगम को सौंपा जाएगा। साथ ही कूड़ा उठाने वाली ट्रैक्टर-ट्रॉलियों और डोजर मशीनों की संख्या बढ़ाई जाएगी ताकि भविष्य में नागरिकों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।

मेयर ने अधिकारियों को चेतावनी देते हुए कहा कि स्वच्छता व्यवस्था में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और जनता की सुविधा सर्वोपरि है।

About The Author