May 20, 2026

सोनीपत खबर: सोनीपत एनएच 44 मुरथल फ्लाईओवर के नीचे अवैध कब्जे हटाए

Illegal encroachments removed under Murthal flyover on Sonipat NH 44

सोनीपत: पुलिस और नपा संयुक्त अभियान चलाकर एनएच 44 पर मुरथल फ्लाईओवर से समान जब्ते करते हुए।

सोनीपत, अजीत कुमार। सोनीपत पुलिस और नगर पालिका ने संयुक्त अभियान चलाकर राष्ट्रीय राजमार्ग 44 पर मुरथल फ्लाईओवर के नीचे हुए अवैध अतिक्रमण को हटाया। यह कार्रवाई पुलिस आयुक्त ममता सिंह के निर्देशन पर बुधवार को पुलिस उपायुक्त पूर्वी जोन मेधा भूषण के मार्गदर्शन में सहायक पुलिस आयुक्त गन्नौर ऋषिकांत के नेतृत्व में की गई।

अभियान के दौरान थाना मुरथल क्षेत्र में फ्लाईओवर के नीचे लंबे समय से बने अस्थायी ढांचे, रेहड़ियां, अवैध रूप से रखी सामग्री और अन्य कब्जों को हटाया गया। संयुक्त टीम में पुलिस, नगर पालिका और प्रशासनिक अधिकारी शामिल रहे। पूरी कार्रवाई शांतिपूर्ण और व्यवस्थित तरीके से पूरी की गई। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि फ्लाईओवर के नीचे बढ़ते अतिक्रमण के कारण यातायात व्यवस्था प्रभावित हो रही थी। इससे वाहन चालकों और आम लोगों को आने-जाने में परेशानी होती थी। ऐसे स्थानों पर असामाजिक तत्वों के जुटने और अवैध गतिविधियों की आशंका भी बनी रहती है, जिससे कानून व्यवस्था पर असर पड़ सकता है।

कार्रवाई से पहले मौके पर मौजूद लोगों को समझाया गया और सार्वजनिक स्थानों पर अवैध कब्जा न करने के निर्देश दिए गए। इसके बाद नगर पालिका कर्मचारियों की मदद से अतिक्रमण हटाया गया। पूरी कार्रवाई के दौरान पुलिस बल मौके पर तैनात रहा और अभियान शांतिपूर्ण ढंग से पूरा कराया गया।

सोनीपत पुलिस ने लोगों से अपील की है कि राष्ट्रीय राजमार्ग, सार्वजनिक मार्गों, फ्लाईओवर और सरकारी जमीन पर अवैध कब्जा न करें और कानून व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग दें। पुलिस ने स्पष्ट किया कि अवैध अतिक्रमण और सार्वजनिक व्यवस्था में बाधा डालने वालों के खिलाफ आगे भी लगातार सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

About The Author