May 20, 2026

सतकुम्भा धाम पर गंगा दशहरे का महासंगम: 25 मई को सजेगा भव्य मेला

Ganga Dussehra Mahasangam at Satkumbha Dham, a grand fair to be held on May 25

सतकुम्भा धाम पर गंगा दशहरे का महासंगम, 25 मई को सजेगा भव्य मेला।

सोनीपत, अजीत कुमार। सोनीपत जिले के प्रसिद्ध धार्मिक स्थल सतकुम्भा धाम पर 25 मई को गंगा दशहरा पर्व के अवसर पर भव्य मेले का आयोजन किया जाएगा। इस धार्मिक आयोजन को लेकर श्रद्धालुओं में भारी उत्साह देखने को मिल रहा है। मेले में दूर-दराज़ क्षेत्रों से लाखों श्रद्धालु पहुंचकर पवित्र सरोवर में स्नान करेंगे तथा मंदिर में पूजा-अर्चना कर सुख-समृद्धि और परिवार की खुशहाली की कामना करेंगे।

गंगा दशहरा के पावन अवसर पर सतकुम्भा धाम में धार्मिक अनुष्ठान, भजन-कीर्तन, हवन-यज्ञ और विशाल भंडारे का आयोजन किया जाएगा। मेले में श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए विशेष व्यवस्थाएं की जा रही हैं, ताकि आने वाले भक्तों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े। धाम परिसर को आकर्षक ढंग से सजाया जा रहा है और मेले की तैयारियां अंतिम चरण में पहुंच चुकी हैं।

सिद्धपीठ तीर्थ सतकुम्भा धाम के पीठाधीश्वर श्रीमहंत राजेश स्वरूप जी महाराज ने श्रद्धालुओं को दिव्य संदेश में कहा कि गंगा दशहरा सनातन संस्कृति, आस्था और मानव कल्याण का प्रतीक है। इस दिन गंगा स्नान, दान-पुण्य और पूजा-अर्चना करने से व्यक्ति के पापों का नाश होता है तथा जीवन में सुख-समृद्धि आती है। धार्मिक मान्यताओं के अनुसार इसी दिन मां गंगा स्वर्ग से पृथ्वी पर अवतरित हुई थीं। इस अवसर पर धाम के प्रबंधक सूरज शास्त्री, सिद्ध संत सत्यवान स्वरूप जी महाराज, प्रधान सेठपाल छौंक्कर, बिल्ला पंडित और सोमबीर शास्त्री सहित अन्य सेवादार मेले की व्यवस्थाओं को अंतिम रूप देने में जुटे हुए हैं।

 

About The Author