ओवरलोड सब स्टेशन फटा, 16 घंटे लाइनपार क्षेत्र अंधेरे में: मेयर ने अधिकारियों को लगाई फटकार
सोनीपत: अधिकारीयों से बात करते सोनीपत मेयर राजीव जैन।
सोनीपत, अजीत कुमार। मिनी सचिवालय स्थित 33 केवी बिजली सब स्टेशन के ओवरलोड होने से केबल बॉक्स फट गया, जिसके कारण लाइनपार क्षेत्र में करीब 16 घंटे तक बिजली आपूर्ति ठप रही। बिजली बाधित होने से पेयजल संकट भी गहरा गया और लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।
घटना की सूचना मिलने पर मेयर राजीव जैन मौके पर पहुंचे और सब स्टेशन पर चल रहे मरम्मत कार्य का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने बिजली बोर्ड अधिकारियों की कार्यप्रणाली पर नाराजगी जताई।
मेयर ने कहा कि फाजिलपुर से आने वाली लाइन दिसंबर 2025 से चोरी होने के बावजूद अब तक नई लाइन नहीं लगाई गई है। उन्होंने बताया कि सब स्टेशन पर केवल हरसाना पावर स्टेशन से बिजली आपूर्ति होने के कारण स्टेशन पर अत्यधिक लोड बढ़ गया, जिससे केबल बॉक्स फट गया।
राजीव जैन ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि फाजिलपुर स्थित मिनी सचिवालय सब स्टेशन की लाइन को तुरंत जोड़कर बिजली आपूर्ति बहाल की जाए, ताकि भविष्य में ऐसी समस्या दोबारा न हो। उन्होंने कहा कि सभी कर्मचारी और अधिकारी फील्ड से आने वाली शिकायतों पर तुरंत कार्रवाई करें, जिससे लोगों की समस्याओं का शीघ्र समाधान हो सके।
मेयर ने यह भी निर्देश दिए कि जिन कॉलोनियों में ट्रांसफॉर्मर ओवरलोड चल रहे हैं, उनकी रिपोर्ट तैयार कर जल्द ही अधिक क्षमता वाले ट्रांसफॉर्मर लगाए जाएं। साथ ही, ट्रांसफॉर्मर खराब होने की स्थिति में तुरंत बिजली आपूर्ति बहाल करने के लिए ट्रॉली वाले ट्रांसफॉर्मरों की संख्या बढ़ाने के भी निर्देश दिए।
