November 22, 2026

सोनीपत: शादी में ब्रेजा गाड़ी की मांग पर दूल्हा बारात लेकर लौटा, दुल्हन करती रही इंतजार

Sonipat: Groom returns with his wedding procession after demanding a Brezza car; bride left waiting.

सोनीपत: लड़की पक्ष के सदस्य अपनी शिकायत लेकर पुलिस के पास पहुंचे हुए।

सोनीपत, अजीत कुमार। सोनीपत में शादी के दिन दहेज में मनपसंद गाड़ी की मांग को लेकर विवाद हो गया। लड़की पक्ष का आरोप है कि दूल्हे ने करीब साढ़े नौ लाख रुपये की हुंडई ऑरा गाड़ी लेने से इनकार कर दिया और ब्रेजा गाड़ी की मांग की। मांग पूरी नहीं होने पर 20 नवंबर को दूल्हा अपनी मां के साथ साधारण कपड़ों में शादी समारोह में पहुंचा और वहां गाली-गलौज की। इसके बाद वह करीब 30 बारातियों को लेकर वापस लौट गया। उधर, दुल्हन शादी के जोड़े में मंडप में बैठी बारात का इंतजार करती रही। लड़की के पिता ने सेक्टर-27 थाना पुलिस को शिकायत देकर दूल्हे और उसके परिवार के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। दूल्हा दिल्ली पुलिस में तैनात है।

रामनगर क्षेत्र निवासी सुभाष कुमार ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि करीब छह महीने पहले उनकी बेटी हिना का रिश्ता गोहाना के गांधीनगर निवासी कुलदीप के साथ तय हुआ था। दोनों परिवारों की सहमति से 20 नवंबर को शादी की तारीख रखी गई थी। परिवार ने शादी की तैयारियां शुरू कर दी थीं और रिश्तेदारों को निमंत्रण भी भेज दिए थे।

सुभाष के अनुसार, 19 नवंबर को उनका परिवार सगाई की रस्म के लिए लड़के वालों के घर जाने वाला था। इससे पहले उन्होंने रिश्ता कराने वाले अनिल और राजेश से बात की। इस दौरान अनिल ने पूछा कि दूल्हे के लिए गाड़ी का इंतजाम किया है या नहीं। उन्होंने बताया कि करीब साढ़े नौ लाख रुपये की हुंडई ऑरा गाड़ी बुक करवा दी है। आरोप है कि इसके बाद बताया गया कि कुलदीप को यह गाड़ी पसंद नहीं है। उसका कहना था कि यह टैक्सी में चलती है और उसे ब्रेजा चाहिए। इस पर उन्होंने ऑरा की बुकिंग रद्द करवा दी।

सुभाष ने बताया कि उन्होंने सोनीपत और आसपास के क्षेत्रों में ब्रेजा की व्यवस्था करने का प्रयास किया, लेकिन कम समय होने के कारण गाड़ी नहीं मिल सकी। बाद में लड़के वालों ने नरेला में गाड़ी बुक करवाने की बात कही।

शिकायत के अनुसार, शादी में दूल्हे को दो तोले की सोने की चेन, उसकी मां को चार तोले के सोने के टॉप्स और चांदी की पाजेब देने की तैयारी थी। जेठ-जेठानी के लिए भी गहने रखे गए थे। दूल्हे के लिए फर्नीचर और अन्य सामान पर करीब एक लाख 32 हजार रुपये खर्च किए गए। मामचंद वाटिका में करीब 1200 लोगों के खाने का इंतजाम था। पिता का दावा है कि शादी की तैयारियों पर कुल 25 से 30 लाख रुपये खर्च किए गए थे।

सुभाष का आरोप है कि शादी वाले दिन कुलदीप की भाभी ने खुद को अधिवक्ता बताते हुए कोर्ट में देखने की धमकी दी, जबकि कुलदीप ने दिल्ली पुलिस में तैनात होने का रौब दिखाया। इसके बाद वह बारात लेकर लौट गया। उन्होंने बताया कि उनकी बेटी हिना ने एमए और जेबीटी की पढ़ाई की है, जबकि कुलदीप 12वीं पास है। रिश्ता तय करते समय लड़के वालों ने दहेज नहीं लेने और किसी तरह की मांग नहीं होने की बात कही थी।

बारात लौटने के बाद सुभाष ने डायल 112 पर फोन कर पुलिस को सूचना दी। लड़के पक्ष की ओर से भी पुलिस को फोन किया गया। इसके बाद उन्होंने सेक्टर-27 थाने में शिकायत दी। सेक्टर-27 थाना प्रभारी सवित कुमार ने बताया कि लड़की पक्ष की शिकायत मिली है। मामले में जांच की जा रही है। दोनों पक्षों को थाने बुलाया गया है। उनके पहुंचने के बाद तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

About The Author