November 22, 2026

सोनीपत: हत्या के आरोपी को मां की तेरहवीं में शामिल होने की मिली अनुमति

Sonipat: Murder accused gets permission to attend mother's thirteenth day ceremony

फोटो: Ai Genrated

सोनीपत, अजीत कुमार। सोनीपत की अतिरिक्त सत्र न्यायाधीश डॉ. करुणा शर्मा की अदालत ने हत्या के मामले में जेल में बंद विचाराधीन आरोपी साहिल को अपनी मां की तेरहवीं में शामिल होने की अनुमति दी है। हालांकि, उसे अंतरिम जमानत नहीं दी गई है। अदालत ने पुलिस हिरासत में ही गांव ले जाने और वापस जेल लाने के आदेश दिए हैं। आरोपी 23 नवंबर को सुबह 11 बजे से शाम 5 बजे तक गांव आंवली में होने वाली तेरहवीं की रस्मों में शामिल हो सकेगा।

जानकारी के अनुसार, गोहाना क्षेत्र के गांव आंवली निवासी साहिल के खिलाफ थाना सदर गोहाना में 18 मई 2025 को हत्या का मामला दर्ज किया गया था। इसके बाद से मामला अदालत में विचाराधीन है और आरोपी जेल में बंद है। मां की तेरहवीं में शामिल होने के लिए आरोपी की ओर से 21 नवंबर 2026 को अदालत में अंतरिम जमानत की याचिका लगाई गई। याचिका में बताया गया कि उसकी मां का 17 नवंबर को निधन हो गया है। 23 नवंबर को गांव में उनकी तेरहवीं की रस्म होनी है। आरोपी ने खुद को मां का इकलौता सगा बेटा बताते हुए अंतिम रस्मों में शामिल होने की अनुमति मांगी। इसके समर्थन में गांव के सरपंच का प्रमाण पत्र भी अदालत में पेश किया गया।

अदालत ने राज्य सरकार को नोटिस जारी कर संबंधित थाना प्रभारी से रिपोर्ट मांगी। थाना प्रभारी की ओर से पेश सत्यापन रिपोर्ट में मां के निधन और तेरहवीं की तारीख की पुष्टि की गई। सुनवाई के दौरान आरोपी की ओर से अधिवक्ता रचना और राज्य सरकार की ओर से लोक अभियोजक नीना कुंडू ने पक्ष रखा।

दोनों पक्षों की दलीलें और पुलिस रिपोर्ट देखने के बाद अदालत ने आरोपी को अंतरिम जमानत देने के बजाय पुलिस हिरासत में तेरहवीं में शामिल होने की अनुमति दी। अदालत ने जिला जेल सोनीपत के अधीक्षक को पुलिस के साथ तालमेल बनाकर आरोपी को गांव ले जाने के लिए सुरक्षा के उचित इंतजाम करने के निर्देश दिए हैं। साथ ही पुलिस अधिकारियों को आदेश दिया है कि आरोपी को जेल से गांव ले जाते समय और वापस जेल पहुंचाते समय पूरी सतर्कता बरती जाए। निर्धारित समय के बाद उसे वापस जेल लाना सुनिश्चित किया जाए।

About The Author