November 22, 2026

सोनीपत: वेटलिफ्टिंग के सात पदक विजेता खिलाड़ियों का स्वागत

Sonipat: Seven weightlifting medalists welcomed

सोनीपत: आयोजित यूथ दिल्ली स्टेट वेटलिफ्टिंग चैंपियनशिप के पदक विजेताओं का स्वागत करते हुए।

सोनीपत, अजीत कुमार। दिल्ली में आयोजित यूथ दिल्ली स्टेट वेटलिफ्टिंग चैंपियनशिप में प्रताप स्कूल के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए सात पदक जीते। इनमें दो स्वर्ण, तीन रजत और दो कांस्य पदक शामिल हैं। प्रतियोगिता में बेहतर प्रदर्शन के आधार पर तीन राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं के लिए खिलाड़ियों का चयन हुआ है। स्कूल पहुंचने पर विजेताओं का रविवार को शानदार स्वागत किया गया।

प्रतियोगिता के यूथ वर्ग में प्रथम ने स्वर्ण, परवेज ने रजत, रिहान ने कांस्य और संभव ने रजत पदक जीता। जूनियर वर्ग में प्रथम ने स्वर्ण और संभव ने कांस्य पदक हासिल किया। वहीं, सीनियर वर्ग में हिमांशु ने कांस्य पदक जीतकर विद्यालय का नाम रोशन किया।

प्रथम और संभव का चयन मोदीनगर में होने वाली यूथ राष्ट्रीय वेटलिफ्टिंग चैंपियनशिप के लिए हुआ है। इसके अलावा प्रथम ने हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा में आयोजित होने वाली जूनियर राष्ट्रीय वेटलिफ्टिंग चैंपियनशिप के लिए भी क्वालीफाई किया है। इस तरह प्रथम का चयन दो राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं के लिए हुआ है।

खिलाड़ियों के विद्यालय पहुंचने पर द्रोणाचार्य अवार्डी एवं खेल निदेशक ओमप्रकाश दहिया, संस्थापक सतप्रकाश दहिया, प्राचार्या दया दहिया और एकेडमिक निदेशक डॉ. सुभोध दहिया ने उनका स्वागत किया और आगामी प्रतियोगिताओं के लिए शुभकामनाएं दीं।

इस अवसर पर ओमप्रकाश दहिया और डॉ. सुभोध दहिया ने कहा कि विद्यालय में शिक्षा के साथ खेलों को भी विशेष महत्व दिया जा रहा है। यहां साई खेल केंद्र और खेल नर्सरी संचालित हैं, जहां खिलाड़ियों को अनुभवी प्रशिक्षकों के मार्गदर्शन में अभ्यास कराया जाता है। बेहतर सुविधाओं और नियमित प्रशिक्षण के कारण विद्यार्थी राज्य और राष्ट्रीय स्तर पर लगातार उपलब्धियां हासिल कर रहे हैं। विद्यालय का उद्देश्य विद्यार्थियों का सर्वांगीण विकास करना है, ताकि वे राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बना सकें।

खिलाड़ियों ने अपनी सफलता का श्रेय विद्यालय प्रबंधन, खेल निदेशक, प्राचार्या, एकेडमिक निदेशक और प्रशिक्षकों को दिया। उन्होंने कहा कि नियमित अभ्यास, बेहतर खेल सुविधाओं और प्रशिक्षकों के मार्गदर्शन से उन्हें यह उपलब्धि हासिल करने में मदद मिली है।

About The Author