दूषित पेयजल पर मेयर राजीव जैन सख्त: अधिकारियों को तत्काल समाधान और मरम्मत के निर्देश
सोनीपत: अधिकारीयों से बात करते मेयर राजीव जैन।
सोनीपत, अजीत कुमार। शहर के विभिन्न क्षेत्रों से दूषित पेयजल, कम जलापूर्ति और पेयजल आपूर्ति में बाधा संबंधी लगातार मिल रही शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए नगर निगम के मेयर राजीव जैन ने नगर निगम आयुक्त कार्यालय में जलापूर्ति शाखा के अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। बैठक में शहर की पेयजल व्यवस्था का विस्तृत आकलन किया गया और अधिकारियों को तत्काल प्रभाव से आवश्यक सुधारात्मक कदम उठाने के निर्देश दिए गए।
मेयर राजीव जैन ने कहा कि भीषण गर्मी के चलते शहर में पेयजल की मांग लगातार बढ़ रही है। ऐसे समय में प्रत्येक नागरिक तक स्वच्छ और पर्याप्त पेयजल पहुंचाना नगर निगम की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जिन क्षेत्रों से दूषित पानी आने की शिकायतें मिल रही हैं, वहां संयुक्त टीम भेजकर तुरंत जांच कराई जाए और दूषित पानी के स्रोत का पता लगाकर शीघ्र समाधान किया जाए।
उन्होंने स्पष्ट कहा कि यदि कहीं पेयजल पाइपलाइन में रिसाव, सीवर लाइन से क्रॉस कनेक्शन अथवा अन्य तकनीकी खामी मिलती है तो उसकी तत्काल मरम्मत सुनिश्चित की जाए। इसके साथ ही सभी खराब पड़े ट्यूबवेलों को जल्द चालू करने, जलापूर्ति वाल्वों का नियमित रखरखाव करने तथा सभी वाटर बूस्टिंग स्टेशनों पर मोटरों की नियमित जांच के निर्देश भी दिए गए। मेयर ने प्रत्येक बूस्टिंग स्टेशन पर अतिरिक्त मोटर उपलब्ध रखने के भी निर्देश दिए, ताकि किसी तकनीकी खराबी की स्थिति में जलापूर्ति बाधित न हो।
बैठक में नगर निगम आयुक्त हर्षित कुमार, कार्यकारी अभियंता पद्मभूषण, राहुल पुनिया, उपमंडल अभियंता देवेंद्र खासा, मंजीत दहिया, अमित शर्मा, कनिष्ठ अभियंता सचिन राठी, सुधीर मोर, रोहताश, अमित तथा साहिल देशवाल सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
