सोनीपत विधायक निखिल मदान: पेयजल-सीवरेज शिकायतों पर अधिकारी समाधान करें नहीं तो कार्रवाई होगी
सोनीपत: पेयजल आपूर्ति और सीवरेज की शिकायतों को लेकर विधायक निखिल मदान अधिकारियों को चेतावनी देते हुए।
सोनीपत, अजीत कुमार। सोनीपत में लाइन पार क्षेत्र में पेयजल आपूर्ति और सीवरेज की लगातार मिल रही शिकायतों को लेकर विधायक निखिल मदान ने सोमवार को कालूपुर चौक औद्योगिक क्षेत्र स्थित वाटर बूस्टिंग स्टेशन का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के बाद उन्होंने नगर निगम अधिकारियों, संबंधित एजेंसियों के प्रतिनिधियों, पार्षदों और स्थानीय लोगों के साथ बैठक कर व्यवस्थाओं की समीक्षा की तथा लापरवाही पर कड़ी नाराजगी जताई। सबंधित अधिकारियों को चेतावनी दी है समाधान करें नहीं को कार्रवाई होगी।
विधायक मदान ने कहा कि उन्हें प्रतिदिन क्षेत्र से पेयजल आपूर्ति और सीवरेज संबंधी शिकायतें मिल रही हैं। लोगों ने अनियमित जलापूर्ति, कई कॉलोनियों में दूषित पेयजल, सीवरेज जाम और गंदे पानी के भराव जैसी समस्याओं की जानकारी दी है। उन्होंने कहा कि शिकायतें दर्ज होने के बाद भी समय पर समाधान नहीं किया जा रहा, जिससे लोगों को परेशानी उठानी पड़ रही है।
बैठक में विधायक ने नगर निगम के अधिकारियों और संबंधित एजेंसियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी शिकायतों का तय समय में समाधान सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि किसी भी स्तर पर लापरवाही मिली तो संबंधित अधिकारियों और एजेंसियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि खराब काम करने वाली एजेंसी को ब्लैकलिस्ट किया जाए और संतोषजनक कार्य नहीं करने पर उसका भुगतान भी रोका जाए।
विधायक ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सीवरेज का काम कर रही एजेंसी के सभी वाहनों, मशीनों और कामगारों की जांच टेंडर की शर्तों के अनुसार कराई जाए। उन्होंने कहा कि पेयजल आपूर्ति से जुड़ी वाल बार-बार खराब होने की समस्या का स्थायी समाधान किया जाए। संबंधित एजेंसी को भुगतान तभी किया जाए, जब कनिष्ठ अभियंता की संतोषजनक रिपोर्ट प्राप्त हो।
उन्होंने यह भी कहा कि जहां शिकायत का समाधान समय पर नहीं होगा, वहां एजेंसी पर प्रतिदिन के हिसाब से जुर्माना लगाया जाए और यह सुनिश्चित किया जाए कि जनता को बेहतर सुविधाएं मिलें। बैठक में नगर निगम अधिकारी, पार्षद, संबंधित एजेंसियों के प्रतिनिधि तथा क्षेत्र के गणमान्य लोग मौजूद रहे।
