June 26, 2026

शिक्षामंत्री महिपाल ढांडा: जन शिकायतों में लापरवाही पर अधिकारियों पर होगी सख्त कार्रवाई

Sonipat: Strict action will be taken against officials for negligence regarding public grievances: Education Minister Dhanda.

सोनीपत: शिक्षा मंत्री महिपाल ढांडा जिला परिवाद एवं कष्ट निवारण समिति में सुनवाई करते हुए।

  • शिक्षा मंत्री महिपाल ढांडा ने कष्ट निवारण समिति की बैठक में 16 शिकायतों में से नौ को किया समाधान

सोनीपत, अजीत कुमार। हरियाणा के शिक्षा मंत्री महिपाल ढांडा ने कहा कि जिला परिवाद एवं कष्ट निवारण समिति आम लोगों की समस्याओं के समाधान का प्रभावी मंच है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि शिकायतों का निपटारा पारदर्शिता, जवाबदेही और संवेदनशीलता के साथ किया जाए। उन्होंने चेतावनी दी कि जनहित के मामलों में लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और शिकायतों को बेवजह लंबित रखने वाले अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई होगी।

Sonipat: Strict action will be taken against officials for negligence regarding public grievances: Education Minister Dhanda.
सोनीपत: जिला परिवाद एवं कष्ट निवारण समिति में आए हुए लोग।

लघु सचिवालय के सम्मेलन कक्ष में शुक्रवार को आयोजित समिति की मासिक बैठक में 16 शिकायतों की सुनवाई हुई। इनमें से नौ शिकायतों का मौके पर ही समाधान कर दिया गया, जबकि सात मामलों में संबंधित विभागों से रिपोर्ट लेकर अगली बैठक से पहले कार्रवाई पूरी करने के निर्देश दिए गए। शास्त्री कॉलोनी निवासी सुनीता देवी ने बताया कि बिजली मीटर बदलने के बाद विभाग ने पोर्टल पर नया मीटर दर्ज नहीं किया, जिसके कारण उन्हें 71 हजार 102 रुपये का बिल भेज दिया गया। मंत्री ने संबंधित कनिष्ठ अभियंता के खिलाफ कार्रवाई के निर्देश दिए और स्पष्ट किया कि शिकायतकर्ता से यह राशि नहीं ली जाएगी, क्योंकि गलती विभाग की है।

बीज मार्केट निवासी बलराज सिंह ने गांव अहमदपुर में सिंचाई के लिए बने पानी के खाल पर कब्जा कर उसे बंद करने की शिकायत दी। इस मामले में उपायुक्त की अध्यक्षता में समिति गठित कर मौका मुआयना कर रिपोर्ट देने के निर्देश दिए गए।

गांव कुराड़ निवासी दर्शनी देवी की स्कूल में गबन की शिकायत की जांच के लिए अतिरिक्त उपायुक्त की अध्यक्षता में समिति गठित की गई। समिति शिकायतकर्ता का पक्ष सुनकर रिपोर्ट देगी ताकि दोषी मिलने पर कार्रवाई की जा सके। गांव जांटी कलां निवासी शकुंतला की पैतृक संपत्ति पर कथित कब्जे की शिकायत की जांच के लिए उपमंडल अधिकारी की अध्यक्षता में समिति बनाई गई। गांव रायपुर निवासी रणजीत सिंह की नगर निगम से अनापत्ति प्रमाण पत्र लेने में आ रही परेशानी का समाधान करने के निर्देश भी दिए गए।

गढ़ी ब्राह्मणान निवासी गौरव की निजी अस्पताल से जुड़ी शिकायत पर पुलिस आयुक्त को किसी वरिष्ठ अधिकारी से जांच कराने के निर्देश दिए गए। गांव निजामपुर माजरा में पेयजल समस्या पर अधिकारियों ने बताया कि आधे से अधिक गांव में पाइप लाइन बिछ चुकी है और शेष कार्य अगले एक महीने में शुरू होगा। मंत्री ने हर घर तक पेयजल उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।

धार्मिक स्थल से जुड़ी शिकायत पर पुलिस को जांच कर बाहरी लोगों की गतिविधियों पर नजर रखने और गश्त बढ़ाने के निर्देश दिए गए। गांव रोहट में शामलात जमीन पर अवैध कब्जे और गांव राजलू गढ़ी निवासी रेखा राठी की घरेलू हिंसा की शिकायतों पर भी संबंधित अधिकारियों को तुरंत कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए।

बैठक में सोनीपत विधायक निखिल मदान, गन्नौर विधायक देवेन्द्र कादियान, बरोदा विधायक इंदुराज नरवाल, मेयर राजीव जैन, जिला परिषद की चेयरपर्सन मोनिका दहिया, पुलिस आयुक्त ममता सिंह, उपायुक्त नेहा सिंह, नगर निगम आयुक्त हर्षित कुमार, अतिरिक्त उपायुक्त अजय चौपड़ा, भाजपा जिलाध्यक्ष गोहाना बिजेन्द्र मलिक सहित अन्य सभी अधिकारी मौजूद रहे।

About The Author