सोनीपत: अंतर्राष्ट्रीय नशा निरोधक दिवस पर पुलिस कर्मियों को स्वास्थ्य जागरूकता संदेश
सोनीपत: अंतर्राष्ट्रीय नशा निरोधक दिवस जागरुकता संदेश देते हुए अधिकारी।
सोनीपत, अजीत कुमार। अंतर्राष्ट्रीय नशा निरोधक दिवस के अवसर पर पुलिस लाइन सोनीपत के कॉन्फ्रेंस हॉल में पुलिस कर्मियों के लिए एचआईवी एड्स विषय पर जागरूकता कार्यशाला शुक्रवार को आयोजित की गई। कार्यशाला का उद्देश्य पुलिस कर्मियों को एचआईवी एड्स से बचाव, स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता और नशा मुक्त समाज के निर्माण में उनकी भूमिका के बारे में जानकारी देना रहा।
सामान्य अस्पताल सोनीपत के उप सिविल सर्जन एवं एचआईवी एड्स नोडल अधिकारी डॉ. तरुण यादव ने पुलिस कर्मियों को एचआईवी एड्स के कारण, लक्षण, बचाव के उपाय और उपलब्ध उपचार की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि पुलिस कर्मियों की ड्यूटी चुनौतीपूर्ण और व्यस्त होती है। ऐसे में उन्हें अपने स्वास्थ्य का विशेष ध्यान रखना चाहिए। उन्होंने नियमित स्वास्थ्य जांच कराने, संतुलित जीवनशैली अपनाने और संक्रामक सहित अन्य बीमारियों के प्रति जागरूक रहने की सलाह दी।
कार्यशाला में एचआईवी एड्स से जुड़े भ्रम दूर करने और स्वास्थ्य के प्रति सकारात्मक सोच विकसित करने पर भी जोर दिया गया। इस दौरान जिला कार्यक्रम अधिकारी हरीश कौशिक, फार्मेसी अधिकारी देवेंद्र सिंह, डब्ल्यूआई जसमेर सिंह, उप निरीक्षक कुलदीप, उप निरीक्षक वीरेंद्र सिंह सहित पुलिस विभाग के अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।
