September 21, 2026

सोनीपत: कच्चे क्वार्टर में मीटर से लगी आग, डेयरी समेत रेहड़ी जली

Sonipat Fire caused by meter in 'Kachcha Quarters'; dairy and street cart gutted.

सोनीपत: कच्चे क्वार्टर स्थित महाबीर डेरी में लगी आग।

सोनीपत, अजीत कुमार। सोनीपत के कच्चे क्वार्टर में रविवार देर रात करीब एक बजे महावीर डेयरी में अचानक आग लग गई। प्राथमिक जानकारी के अनुसार आग बिजली के मीटर में हुए शॉर्ट सर्किट से लगी। कुछ ही देर में आग दुकान तक पहुंच गई और धुआं व लपटें उठने लगीं। आसपास के लोगों में अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलने पर दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची और आग पर काबू पाया। हादसे में किसी व्यक्ति के घायल होने या जनहानि की सूचना नहीं है।

दमकल विभाग के कर्मचारी के अनुसार, रात करीब 1 बजकर 10 मिनट पर आग लगने की सूचना मिली थी। सूचना मिलते ही नगर निगम परिसर में खड़ी दमकल गाड़ी को मौके पर भेजा गया। इसके साथ ही सेक्टर-3 स्थित दमकल केंद्र से बड़ी गाड़ी भी रवाना की गई। हालांकि, बड़ी गाड़ी के पहुंचने से पहले ही मौके पर मौजूद टीम ने आग पर काबू पा लिया था।

दुकान मालिक के अनुसार, पूरी इमारत में मरम्मत का काम चल रहा था। इस कारण दुकान में सामान कम था और आग से बड़ा नुकसान होने से बच गया। डेयरी के पीछे घी सहित अन्य ज्वलनशील सामान रखा था, लेकिन आग वहां तक नहीं पहुंची। इससे बड़ा हादसा टल गया।

आग की चपेट में पास खड़ी फास्ट फूड की रेहड़ी भी आ गई, जिससे उसे नुकसान पहुंचा। आग बुझाने में मदद कर रहे लोगों की गाड़ी भी लॉक हो गई और चाबी अंदर रह गई। आग के फैलने के खतरे को देखते हुए राहगीरों ने गाड़ी का शीशा तोड़कर चाबी निकाली।

दमकल विभाग के अनुसार, आग लगने की प्राथमिक वजह बिजली के मीटर में शॉर्ट सर्किट बताई जा रही है। आग से हुए वास्तविक नुकसान का आकलन बाद में किया जाएगा।

About The Author