शराब तस्करी के आरोपी कोर्ट ने लगाई अनोखी शर्त: पांच पौधे लगाओ, दो साल देखभाल करो, तभी मिलेगी जमानत
सोनीपत: तलाशी में पुलिस ने महंगी शराब बरामद की। (फाइल फोटो)
सोनीपत, अजीत कुमार। सोनीपत की अदालत ने अवैध शराब तस्करी के मामले में गिरफ्तार आरोपी को अनोखी शर्त के साथ नियमित जमानत दी है। अतिरिक्त सत्र न्यायाधीश सुभाष चंद्र सरोई की अदालत ने आरोपी टिंका को एक लाख रुपये के निजी मुचलके और इतनी ही राशि के जमानतदार के अलावा सार्वजनिक स्थान पर पांच देसी प्रजाति के पौधे लगाने के निर्देश दिए हैं। आरोपी को अगले दो साल तक इन पौधों की देखभाल भी करनी होगी। पौधारोपण की तस्वीरें अगली सुनवाई से पहले अदालत में पेश करनी होंगी।
अभियोजन पक्ष के अनुसार, 19 अक्टूबर 2026 को कुंडली थाना पुलिस ने अवैध शराब तस्करी के आरोप में मामला दर्ज किया था। सब-इंस्पेक्टर सुखबीर पुलिस टीम के साथ गश्त पर थे। इसी दौरान सूचना मिली कि केएमपी हाईवे पर बरोटा टोल के पास शराब की अवैध तस्करी हो रही है। पुलिस ने नाकाबंदी कर सुनील और टिंका को गिरफ्तार किया था।
तलाशी के दौरान आरोपियों के कब्जे से रॉयल जनरल ब्रांड की शराब की 257 पेटियां बरामद हुईं, जिनमें कुल 12 हजार 336 पव्वे थे। पुलिस के अनुसार, आरोपी शराब से संबंधित कोई परमिट या लाइसेंस पेश नहीं कर सके। इसके बाद आबकारी अधिनियम 1914 की धारा 61 के तहत केस दर्ज किया गया।
आरोपी टिंका की ओर से अधिवक्ता डीएस बूरा ने अदालत में दलील दी कि उसे झूठा फंसाया गया है और बरामदगी के दौरान कोई स्वतंत्र गवाह शामिल नहीं किया गया। उन्होंने बताया कि आरोपी 19 अक्टूबर से न्यायिक हिरासत में है और उसका कोई पुराना आपराधिक रिकॉर्ड नहीं है। वहीं, लोक अभियोजक रोशनी ने अपराध की गंभीरता और जांच अधूरी होने का हवाला देकर जमानत का विरोध किया।
दोनों पक्षों को सुनने के बाद अदालत ने बरामदगी पूरी होने और आरोपी का पुराना आपराधिक रिकॉर्ड नहीं होने सहित अन्य परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए 12 नवंबर 2026 को नियमित जमानत मंजूर कर दी। जमानत की शर्तें पूरी होने पर आरोपी को रिहा किया जाएगा।
