November 11, 2026

सोनीपत: डीसीआरयूएसटी में उत्तर क्षेत्रीय अंतर विश्वविद्यालय लॉन टेनिस प्रतियोगिता शुरु

Sonipat: North Regional Inter University Lawn Tennis Competition started in DCRUST

सोनीपत: उत्तर क्षेत्रीय अंतर विश्वविद्यालय अखिल भारतीय लॉन टेनिस प्रतियोगिता में शामिल खिलाड़ी।

  • पुरुष वर्ग में पीएयू, लुधियाना, एएमयू व एचएनबीजीयू ने जीते मुकाबले
  • महिला वर्ग में एलपीयू व बेनेट यूनिवर्सिटी विजयी
  • खेल में जीत से अधिक महत्वपूर्ण सीख और खेल भावना : कुलगुरु प्रो. सिंह

सोनीपत, अजीत कुमार। दीनबंधु छोटू राम विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय, मुरथल में बुधवार को उत्तर क्षेत्रीय अंतर विश्वविद्यालय अखिल भारतीय लॉन टेनिस प्रतियोगिता का शानदार आगाज हुआ। 11 से 15 नवंबर तक आयोजित होने वाली इस प्रतियोगिता में उत्तर क्षेत्र के विश्वविद्यालयों की टीमें अपनी खेल प्रतिभा का प्रदर्शन कर रही हैं।

प्रतियोगिता का उद्घाटन दीनबंधु छोटू राम विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय, मुरथल के कुलगुरु प्रो. श्री प्रकाश सिंह ने किया। उन्होंने खिलाड़ियों से खेल भावना के साथ प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालय केवल शैक्षणिक उत्कृष्टता के केंद्र नहीं हैं, बल्कि खेल प्रतिभाओं को निखारने और युवाओं में अनुशासन, नेतृत्व तथा टीम भावना विकसित करने के भी महत्वपूर्ण मंच हैं। हमारा प्रयास है कि विश्वविद्यालय में खिलाड़ियों को बेहतर खेल सुविधाएं, सकारात्मक वातावरण और अपनी प्रतिभा को निखारने के पर्याप्त अवसर मिलें। हार-जीत खेल का हिस्सा है, लेकिन अनुशासन, संघर्ष और खेल भावना ही खिलाड़ी को वास्तव में सफल बनाती है।

प्रतियोगिता के आयोजन सचिव व विश्वविद्यालय के खेल निदेशक डा. बिरेंद्र सिंह हुड्डा ने कहा कि प्रतियोगिता के पहले दिन महिला वर्ग में एलपीयू ने राजा महेंद्र प्रताप यूनिवर्सिटी को सीधे 2-0 से हराकर शानदार जीत दर्ज की। वहीं बैनेट यूनिवर्सिटी ने एचएनबीजी यूनिवर्सिटी को 2-0 से पराजित किया।

खेल निदेशक डा.बिरेंद्र सिंह हुड्डा ने कहा कि पुरुष वर्ग में पीएयू,लुधियाना ने लुवास, हिसार  को 3-0 से शिकस्त दी। वहीं अलीगढ मुस्लिम विश्वविद्यालय ने पंजाबी विश्वविद्यालय, पटियाला को 3-0 से हराकर मुकाबला अपने नाम किया। एक अन्य मुकाबले में एचएनबीजीयू विश्वविद्यालय ने डा. भीमराव अंबेडकर विश्वविद्यालय को 3-0 से पराजित किया।

प्रतियोगिता के दौरान खिलाड़ियों में खासा उत्साह देखने को मिला। विभिन्न विश्वविद्यालयों से पहुंची टीमों के खिलाड़ियों ने कोर्ट पर बेहतरीन खेल का प्रदर्शन किया। अगले मुकाबलों में भी कड़ी प्रतिस्पर्धा होने की संभावना है। खेल निदेशक डॉ. हुड्डा ने कहा कि  प्रतियोगिता 11 से 15 नवंबर तक चलने वाली इस प्रतियोगिता में उत्तर क्षेत्र से आए खिलाड़ी अगले चार दिनों तक लॉन टेनिस कोर्ट पर अपनी प्रतिभा और खेल कौशल का प्रदर्शन करेंगे। इस अवसर पर विश्वविद्यालय के रजिस्ट्रार डा.अमित कुमार ने संबोधित करते हुए खिलाड़ियों का स्वागत किया।  इस अवसर पर रजिस्ट्रार डा.अमित कुमार, प्रो.अवधेश शर्मा, प्रो.इंचार्ज प्रो.एम.एस.नरवाल,प्रो.अजय सिंह,एआई आब्जर्वर डा.प्रभाकरण, खेल निदेशक डा.बिरेंद्र सिंह हुड्डा,डा.सतपाल, डा.मनोज पंवार, बीरबल वढेरा, निखिल हुड्डा सहित विभिन्न टीमों के मैनेजर उपस्थित थे।

About The Author