July 3, 2026

सोनीपत पुलिस का बड़ा कारनामा: सोनीपत साइबर ने 33 गुम मोबाइल बरामद कर मालिकों को लौटाए

Sonipat Cyber ​​Cell recovered 33 lost mobile phones and returned them to their owners.

सोनीपत: सहायक पुलिस आयुक्त (साइबर) राजदीप मोर मालिकांें को उनके मोबाइल फोन सौंपते हुए।

सोनीपत, अजीत कुमार।  सोनीपत पुलिस की साइबर सेल ने विशेष अभियान चलाकर विभिन्न स्थानों से गुम हुए 33 मोबाइल फोन बरामद किए हैं। इन मोबाइल फोनों की अनुमानित बाजार कीमत करीब आठ लाख रुपये बताई गई है। शुक्रवार को सहायक पुलिस आयुक्त (साइबर) राजदीप मोर ने सभी बरामद मोबाइल उनके वास्तविक मालिकों को सौंपे, जिससे लोगों के चेहरों पर खुशी लौट आई।

  सहायक पुलिस आयुक्त राजदीप मोर ने बताया कि यह अभियान पुलिस आयुक्त ममता सिंह तथा पुलिस उपायुक्त  नरेन्द्र कादयान के निर्देशन में चलाया गया। साइबर सेल प्रभारी उप निरीक्षक कमल सिंह और उनकी टीम ने आधुनिक तकनीकी संसाधनों और डिजिटल निगरानी के माध्यम से गुम हुए मोबाइल फोनों का पता लगाकर उन्हें बरामद किया। सभी मोबाइल फोन केंद्रीय उपकरण पहचान पंजीकरण (सीईआईआर) पोर्टल पर गुमशुदा के रूप में दर्ज थे। शिकायत प्राप्त होने के बाद साइबर सेल ने तकनीकी सहायता से मोबाइल फोनों को खोजकर सुरक्षित बरामद किया। उन्होंने बताया कि सीईआईआर पोर्टल पर शिकायत दर्ज होते ही संबंधित मोबाइल अवरुद्ध हो जाता है, जिससे उसका दुरुपयोग नहीं हो पाता और उसे तलाशना आसान हो जाता है।

सोनीपत पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि यदि उनका मोबाइल फोन गुम हो जाए या चोरी हो जाए, तो बिना देरी किए सीईआईआर पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराएं। इसके साथ ही अपने नजदीकी पुलिस थाना या साइबर सेल से भी तुरंत संपर्क करें। समय पर शिकायत दर्ज कराने से मोबाइल का दुरुपयोग रोका जा सकता है और उसके शीघ्र बरामद होने की संभावना भी काफी बढ़ जाती है। पुलिस ने लोगों से साइबर सुरक्षा के प्रति सतर्क रहने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को देने की भी अपील की है।

About The Author