सोनीपत: जैव विविधता संरक्षण के साथ विश्व में बड़ा बदलाव संभव:डीएफओ रेनू बाला
सोनीपत: किसान चेक देते हुए डीएफओ रेनू बाला।
- डीएफओ ने गांव रोहणा स्थित सत्यप्रकाश डेयरी फार्म के किसान को दो लाख 77 हजार 85 रूपये का चैक दिया
सोनीपत, अजीत कुमार। अंतरराष्ट्रीय जैव विविधता दिवस दो हजार छब्बीस के अवसर पर वन विभाग और हरियाणा राज्य जैव विविधता बोर्ड ने मंगलवार को जैव विविधता संरक्षण जागरूकता कार्यक्रम में डीएफओ रेनू बाला ने शिव शक्ति स्कूल के विद्यार्थियों को प्रकृति और पर्यावरण बचाने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि जैव विविधता केवल पेड़-पौधों या जीव-जंतुओं तक सीमित नहीं है, बल्कि पृथ्वी पर मौजूद हर प्रकार का जीवन इसका हिस्सा है। इसे सुरक्षित रखना मानव जीवन और आने वाली पीढ़ियों के बेहतर भविष्य के लिए बेहद जरूरी है।
उन्होंने बताया कि स्कूलों में विद्यार्थियों को जैव विविधता की सैद्धांतिक जानकारी मिलती है, लेकिन ऐसे कार्यक्रम उन्हें प्रकृति को व्यवहारिक रूप से समझने का अवसर देते हैं। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों को किताबों तक सीमित रहने की बजाय पर्यावरण संरक्षण को रोजमर्रा के जीवन में अपनाना चाहिए।
डीएफओ ने सरल उदाहरण देकर बताया कि छोटे प्रयास बड़े परिणाम ला सकते हैं। पक्षियों के लिए पानी और दाना रखना, पानी की बचत करना, एकल उपयोग प्लास्टिक का कम इस्तेमाल करना और अधिक पौधे लगाना जैसे कदम भविष्य के लिए लाभकारी हैं। स्थानीय स्तर पर किए गए प्रयास ही वैश्विक स्तर पर प्रभाव डालते हैं।
कार्यक्रम में गांव रोहणा स्थित सत्यप्रकाश डेयरी फार्म के किसान को दो लाख सतहत्तर हजार पचासी रुपये का चेक दिया गया। किसान ने जैव विविधता संरक्षण और पशुधन संवर्धन में सराहनीय काम करते हुए अपनी डेयरी की बत्तीस कटड़ियों को सनवेज बायो साइंस कंपनी के सहयोग से दुबई भेजा। इस पहल से स्थानीय पशुधन को अंतरराष्ट्रीय पहचान मिली और पारंपरिक पशुपालन को बढ़ावा मिला। कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने भाषण देकर जागरूकता फैलाई। पोस्टर मेकिंग, भाषण, रंगोली और स्लोगन प्रतियोगिता के विजेताओं को सम्मानित किया गया। इस अवसर पर जिला समन्वयक अधिकारी डॉ श्यो प्रसाद, सनवेज बायो साइंस कंपनी के गुणवत्ता प्रबंधक आदित्य लावनिया, स्कूल की प्रधानाचार्या भावना सहित अनेक लोग मौजूद रहे।
