May 18, 2026

मेयर राजीव जैन: लाइन फटने से शहर के 18 कालोनियों में सीवरेज निकासी ठप्प

Sonepat Sewerage supply disrupted in 18 colonies of the city due to line burst.

सोनीपत: सीवरेज जाम की समस्या को देखने मौके पर पहुंचे मेयर राजीव जैन।

सोनीपत, अजीत कुमार। सोनीपत शम्भु दयाल डिस्पोजल परिसर में बड़ी पाइप लाइन फटने से शहर के सीवरेज पानी की निकासी व्यवस्था ठप्प हो गई। लोगांे की परेशानी बढ गई है। डिस्पोजल में भी ऊपर तक पानी जमा हो गया और डिस्पोजल से जुडी कालोनियों में भी सीवर का पानी गलियों में भरना शुरू हो गया।

सोमवार को विभिन्न कालोनियों से सीवर जाम के फोन आने पर नवनिर्वाचित मेयर राजीव जैन मौके पर पहुंचे और लाइन की मरम्मत का काम शुरू करवा दिया है। लाइन फटने के कारण पुरानी अनाज मंडी, भरतपुरी, प्रभु नगर मंडी, आर्य नगर, सूरी पेट्रोल पंप वाली गली, विकास नगर, गढ़ी घसीटा, समेत डेढ़ दर्जन कालोनियों में सीवरेज जाम होने की समस्या हो गई है।

हालांकि लाइन एक सप्ताह पूर्व फट गई थी जिसके कारण सारंग रोड अंडर ब्रिज के नीचे पानी जमा होना शुरू हो गया था परन्तु कर्मचारियों ने कोई गौर नहीं किया। सीवेरज जाम होने की लगातार मिल रही शिकायतों पर राजीव जैन ने संज्ञान लिया तो पता चला कि लाइन फ़टी हुई है। उन्होंने सम्बंधित अधिकारियों को लापरवाही के लिए लताड़ लगाई और मरम्मत का काम शुरू करवाया। उन्होंने एक दिन में ही मरम्मत का काम पूरा करने के निर्देश दिए ताकि लोगों को राहत मिल सके।

राजीव जैन ने बताया कि शम्भू दयाल डिस्पोजल से गीता भवन तक की लाइन पुरानी होने के कारण बार-बार फट जाती है इसलिए 98 लाख रूपये की लागत से लाइन बदलने का काम ठेकेदार को आवंटित हो चुका है जिसका कार्य जल्दी शुरू हो जाएगा।

About The Author