May 19, 2026

नन्ही स्टार:रोहतक की नन्ही कराटे स्टार निया खटक ने दिल्ली में जीता गोल्ड मेडल

Rohtak's little karate star Nia Khatak wins gold medal in Delhi

नई दिल्ली, अजीत कुमार। तालकटोरा स्टेडियम, दिल्ली में आयोजित ऑल इंडिया ओपन इंटरनेशनल कराटे चैंपियनशिप में शहीद सतपाल सिंह कराटे एकेडमी के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए कई पदक अपने नाम किए। दो दिवसीय इस चैंपियनशिप में देश-विदेश की टीमों सहित लगभग 1500 खिलाड़ियों ने भाग लिया।

रोहतक की नन्ही खिलाड़ी निया खटक ने 6 वर्ष आयु वर्ग और माइनस 20 किलोग्राम वर्ग में शानदार प्रदर्शन करते हुए गोल्ड मेडल जीतकर अपने माता-पिता और कोच का नाम रोशन किया। निया ने बेहतरीन खेल का प्रदर्शन करते हुए अपनी एकेडमी के लिए स्वर्ण पदक हासिल किया।

निया के कोच दिनेश ने बताया कि मुकाबला बेहद कांटे का था, लेकिन अंतिम क्षणों में उन्होंने निया को फिल्म दंगल के शब्द याद दिलाए— “हारना नहीं है बेटा।” कोच की इस बात को निया ने सच साबित करते हुए गोल्ड मेडल अपने नाम किया।

उन्होंने कहा कि निया एकेडमी की सबसे कम उम्र की खिलाड़ी है और सभी बच्चे उसे “छोटा पैकेट, बड़ा धमाका” कहकर पुकारते हैं। कोच ने निया के उज्ज्वल भविष्य की कामना भी की।

चैंपियनशिप में एकेडमी के अन्य खिलाड़ियों ने भी शानदार प्रदर्शन किया। समर्थ, गर्व और उज्जवल ने गोल्ड मेडल जीते, जबकि वैदिक, अंश, अंशुमन और अभिमन्यु ने सिल्वर मेडल हासिल किए। वहीं शाश्वत, यश, दिव्यांशी और आदित्य ने ब्रॉन्ज मेडल जीतकर एकेडमी का गौरव बढ़ाया।

About The Author