August 18, 2026

सोनीपत: डीसीआरयूएसटी में एसडीई के निलंबन पर कर्मचारियों ने काम बंद किया

Employees stop work over SDE's suspension at DCRUST.

सोनीपत: दीनबंधु छोटूराम विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय में विद्युत निगम के एसडीई निलंबन को लेकर विरोध करते हुए।

सोनीपत, ज्योति शर्मामुरथल स्थित दीनबंधु छोटूराम विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय में विद्युत निगम के एसडीई के निलंबन को लेकर विवाद लगातार बढ़ता जा रहा है। विश्वविद्यालय प्रशासन की कार्रवाई के विरोध में विभिन्न कर्मचारी संगठनों ने संयुक्त रूप से आंदोलन करने का फैसला लिया है। सोमवार को हुई बैठकों के बाद संगठनों ने मंगलवार को एकजुट होकर विरोध प्रदर्शन किया गया।

कर्मचारी संगठनों के अनुसार मंगलवार सुबह नौ बजे से दोपहर एक बजे तक विश्वविद्यालय के कच्चे-पक्के कर्मचारी, शिक्षण एवं गैर-शिक्षण कर्मचा री, तकनीकी कर्मचारी, एचकेआरएनएल, सफाई कर्मचारी और डीसी दर कर्मचारी काम बंद रखेंगे। इस दौरान कर्मचारी विश्वविद्यालय परिसर में एकत्रित होकर एसडीई के निलंबन के फैसले के खिलाफ रोष प्रदर्शन किया।

दीनबंधु छोटूराम विश्वविद्यालय कर्मचारी यूनियन के प्रधान सुरेश कुमार ने कहा कि एसडीई को बिना ठोस आधार के निलंबित किया गया है। उन्होंने प्रशासन की कार्रवाई को तानाशाही बताते हुए कहा कि यदि कर्मचारी इस फैसले के खिलाफ आवाज नहीं उठाएंगे तो भविष्य में किसी अन्य कर्मचारी के साथ भी ऐसी कार्रवाई हो सकती है।

कर्मचारी संगठनों ने बताया कि प्रदर्शन के बाद वे जिला उपायुक्त कार्यालय पहुंचकर मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपेंगे। ज्ञापन में एसडीई के निलंबन प्रकरण की राज्य सरकार से स्वतंत्र और उच्च स्तरीय जांच कराने की मांग की जाएगी। कर्मचारियों का कहना है कि निष्पक्ष जांच से पूरे मामले की वास्तविक स्थिति सामने आ सकेगी।

शिक्षक संघ अध्यक्ष,डॉ. अजय कुमार ने कहा कि उनका उद्देश्य किसी अधिकारी या प्रशासन का विरोध करना नहीं, बल्कि मामले की निष्पक्ष जांच कराना है। यदि किसी कर्मचारी या अधिकारी के साथ अन्याय हुआ है तो जांच के बाद उसे न्याय मिलना चाहिए। कर्मचारियों ने चेतावनी दी कि मांगों पर गंभीरता से विचार नहीं किया गया तो आंदोलन को और व्यापक किया जाएगा। फिलहाल मंगलवार का प्रदर्शन सांकेतिक रूप से किया जा रहा है, लेकिन आगे की रणनीति मांगों पर होने वाली कार्रवाई के आधार पर तय की जाएगी।

About The Author