August 20, 2026

सोनीपत: शहजादपुर में जैव विविधता संरक्षण और सतत विकास पर जागरूकता कार्यक्रम

Awareness program on biodiversity conservation and sustainable development in Shahzadpur

सोनीपत, अजीत कुमार। जैव विविधता संरक्षण, पर्यावरण सुरक्षा और सतत विकास का संदेश जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से गांव शहजादपुर में हरियाणा राज्य जैव विविधता बोर्ड, पंचकुला के तत्वावधान में एक दिवसीय जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता जैव विविधता प्रबंधन समिति की सदस्य विजेता शर्मा ने की।

कार्यक्रम में मुख्य वक्ता के रूप में हरियाणा राज्य जैव विविधता बोर्ड के जिला समन्वयक श्यो प्रसाद ने ग्रामीणों को जैव विविधता के महत्व के बारे में जानकारी दी। उन्होंने कहा कि पौधे, जीव-जंतु, मिट्टी, पानी और जलवायु का संतुलन बनाए रखने में जैव विविधता की महत्वपूर्ण भूमिका है। स्थानीय स्तर पर पाए जाने वाले प्राकृतिक संसाधनों का संरक्षण पर्यावरण और मानव जीवन दोनों के लिए आवश्यक है।

उन्होंने ग्रामीणों से देशी बीजों, औषधीय पौधों और वन्य जीवों के संरक्षण में सक्रिय भागीदारी करने का आह्वान किया। साथ ही प्लास्टिक का उपयोग कम कर पर्यावरण को स्वच्छ रखने पर जोर दिया।

कार्यक्रम में उपस्थित ग्रामीणों को पीपुल्स बायोडायवर्सिटी रजिस्टर के महत्व, जैव संसाधनों के सतत उपयोग तथा जैव विविधता अधिनियम-2002 के प्रमुख प्रावधानों की जानकारी दी गई। इस दौरान बीएमसी सदस्य बबिता, पूनम, रोहित सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।

कार्यक्रम के अंत में धन्यवाद प्रस्ताव प्रस्तुत किया गया। सभी उपस्थित लोगों ने गांव शहजादपुर को जैव विविधता संरक्षण और पर्यावरण सुरक्षा की दिशा में सक्रिय भूमिका निभाने का संकल्प लिया।

About The Author