सोनीपत: बेगा रोड पर बत्रा क्लिनिक में चोरी, छत के गेट से घुसे चोर
सोनीपत: सीसीटीवी में कैद हुआ संदिग्ध गोशाला का दान पात्र तोड़ने का प्रयास करता हुआ।
सोनीपत, अजीत कुमार। गन्नौर के बेगा रोड स्थित बत्रा क्लिनिक में चोरों ने रात के समय धावा बोल दिया। मुंह पर कपड़ा बांध कर चोर छत पर लगे गेट के रास्ते क्लिनिक में घुसे और अंदर लगे शीशे के दरवाजे को तोड़कर सामान में तोड़फोड़ की। चोर क्लिनिक में रखी दवाइयां बिखेर गए और गौशाला की दान पेटी तोड़कर उसमें रखे रुपये चोरी कर ले गए। चोरी की घटना क्लीनिक में लगे सीसीटीवी में कैद हो गई। क्लिनिक संचालक रविंद्र कुमार ने बताया कि वह गुरुवार देर शाम क्लिनिक बंद कर घर चले गए थे। शुक्रवार सुबह जब क्लिनिक खोला तो अंदर सामान बिखरा पड़ा था। शीशे टूटे हुए थे और दवाइयां इधर-उधर बिखरी हुई थीं।
क्लिनिक में गौशाला के लिए रखी दान पेटी भी टूटी हुई थी और उसमें रखी नकदी गायब थी। इसके अलावा गल्ले में रखी चिल्लर भी चोर ले गए। रविंद्र कुमार के अनुसार चोरी से उन्हें हजारों रुपये का नुकसान हुआ है। उन्होंने घटना की सूचना डायल 112 पर पुलिस को दी। सूचना के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है।
