July 4, 2026

सोनीपत क्राइम: बंद कोठी में घुसे दो नाबालिगों की बेरहमी से पिटाई, चोरी के शक में डंडों से हमला; वायरल वीडियो की जांच में जुटी पुलिस

Two minors brutally beaten after entering a locked house; attacked with sticks on suspicion of theft; police investigating viral video.

सोनीपत: इसके बाद अंदर छिपे दूसरे लड़के के साथ भी मारपीट की गई।

सोनीपत, अजीत कुमार।  हरियाणा के सोनीपत में एक बंद कोठी में घुसे दो नाबालिगों के साथ कथित रूप से मारपीट का मामला सामने आया है। चोरी के संदेह में कोठी मालिक के परिजनों ने दोनों नाबालिगों की डंडों से पिटाई कर दी। घटना का एक वीडियो भी सामने आया है, जिसकी पुलिस जांच कर रही है। हालांकि वीडियो की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है।

जानकारी के अनुसार, जीवन विहार क्षेत्र में शुक्रवार सुबह करीब आठ बजे दो नाबालिग एक बंद कोठी का गेट फांदकर अंदर घुस गए। आसपास के लोगों ने संदिग्ध गतिविधि देख कोठी मालिक के परिजनों को सूचना दी। सूचना मिलने पर परिजन मौके पर पहुंचे और कोठी की तलाशी ली। बताया गया कि दोनों नाबालिग अलमारी के अंदर छिपे मिले।

कोठी मालिक के भतीजे प्रवीण चावला का दावा है कि दोनों नाबालिग नशे की हालत में थे। पूछताछ के दौरान उन्होंने कथित रूप से बताया कि कुछ अन्य नाबालिगों के कहने पर वे कोठी में घुसे थे और वहां से मिलने वाला सामान उन्हें सौंपना था। इसके बाद डायल-112 पर सूचना देकर पुलिस को बुलाया गया, जिसने दोनों नाबालिगों को अपने साथ ले लिया।

वहीं, सामने आए वीडियो में कुछ लोग नाबालिगों के साथ डंडों से मारपीट करते दिखाई दे रहे हैं। वीडियो में एक नाबालिग को जमीन पर गिराकर उसके हाथ, पैर और शरीर पर कई वार किए जाते हैं। दूसरे नाबालिग को भी बाहर निकालकर पीटे जाने का दावा किया जा रहा है। इस वीडियो की सत्यता की आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है।

पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है। अभी तक किसी भी पक्ष की ओर से लिखित शिकायत प्राप्त नहीं हुई है। वायरल वीडियो की भी जांच की जा रही है। जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर नियमानुसार कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

About The Author