July 5, 2026

एचटेट-2026 आज से शुरू: सोनीपत के 22 केंद्रों पर 13,768 अभ्यर्थी देंगे परीक्षा, सुरक्षा के कड़े इंतजाम

HTET-2026 begins today: 13,768 candidates to take the exam at 22 centers in Sonipat; tight security arrangements in place.

डीसी ने बताया कि सोनीपत शहर में परीक्षा के लिए 22 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं-फाइल फोटो

सोनीपत, अजीत कुमार। हरियाणा अध्यापक पात्रता परीक्षा (एचटेट)-2026 का आयोजन आज से शुरू हो रहा है। 4 और 5 जुलाई को आयोजित होने वाली इस दो दिवसीय परीक्षा को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन ने सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं। सोनीपत शहर में परीक्षा के लिए 22 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं, जहां कुल 13,768 अभ्यर्थी तीनों स्तरों की परीक्षा में शामिल होंगे।

जिला प्रशासन के अनुसार लेवल-3 (पीजीटी) के 3,961, लेवल-2 (टीजीटी) के 6,843 तथा लेवल-1 (पीआरटी) के 2,964 अभ्यर्थी परीक्षा देंगे। सभी परीक्षा केंद्रों पर बोर्ड के दिशा-निर्देशों के अनुरूप आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई हैं।

परीक्षा के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को लेकर विशेष सतर्कता बरती गई है। लगभग 700 पुलिसकर्मियों की तैनाती के साथ 17 पेट्रोलिंग टीमें लगातार क्षेत्र में गश्त करेंगी। प्रत्येक टीम का नेतृत्व एसीपी, थाना प्रभारी अथवा निरीक्षक स्तर के अधिकारी करेंगे। परीक्षा केंद्रों के आसपास भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता की धारा-163 लागू रहेगी, ताकि किसी भी प्रकार की अनुचित गतिविधि पर प्रभावी नियंत्रण रखा जा सके।

अभ्यर्थियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए परीक्षा केंद्रों पर बिजली, पेयजल, चिकित्सा सहायता और सुचारु यातायात व्यवस्था सुनिश्चित की गई है। गर्मी के मद्देनजर अभ्यर्थियों के साथ आने वाले परिजनों के लिए छायादार स्थान और पेयजल की व्यवस्था भी की गई है। परीक्षा संचालन की निगरानी के लिए फ्लाइंग स्क्वायड, निरीक्षण एवं समन्वय टीमों का गठन किया गया है।

जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि किसी भी आपात स्थिति में अभ्यर्थी तुरंत डायल-112 पर संपर्क कर सकते हैं, जहां पुलिस और प्रशासन की टीमें तत्काल सहायता उपलब्ध कराएंगी। प्रशासन ने सभी अभ्यर्थियों से समय से पहले परीक्षा केंद्र पहुंचने, प्रवेश पत्र और वैध पहचान पत्र साथ लाने तथा बोर्ड के सभी दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की है। पुलिस प्रशासन ने भरोसा दिलाया है कि परीक्षा पूरी तरह शांतिपूर्ण, पारदर्शी और निष्पक्ष वातावरण में संपन्न कराई जाएगी।

About The Author