सोनीपत में भाजपा के मेयर बने राजीव जैन: कांग्रेस 23 हजार 247 वोटों से पराजित
सोनीपत: भाजपा प्रदेशाध्यक्ष मोहन लाल बडौली पत्रकारों से बात करते हुए।
- भाजपा की जनहितकारी नीतियों पर जनता की मुहर लगी है: भाजपा प्रदेशाध्यक्ष बडौली
सोनीपत, अजीत कुमार। सोनीपत नगर निगम चुनाव में भारतीय जनता पार्टी के उम्मीदवार राजीव जैनने कांग्रेस उम्मीदवार कमल दीवान को 23, 247 वोटों से हराकर मेयर पद पर ऐतिहासिक जीत दर्ज की है। वे लगातार दूसरी बार मेयर बने हैं। चुनाव अधिकारी ने जीत की घोषणा के बाद उन्हें प्रमाण पत्र सौंपा। इस दौरान भाजपा प्रदेशाध्यक्ष मोहनलाल बड़ौली, विधायक निखिल मदान और पूर्व मंत्री कविता जैन तथा गन्नौर मार्केट कमेटी चेयरमैन निशांत छौक्कर मौजूद रहे।
मतगणना के 14वें चरण तक राजीव जैन को 78 हजार 033 वोट मिले। कांग्रेस उम्मीदवार कमल दीवान को 54 हजार 786 वोट प्राप्त हुए। इनेलो उम्मीदवार आनंद कुमार 5,210 वोट लेकर तीसरे स्थान पर रहे। परिणाम घोषित होने के बाद मोहनलाल बड़ौली ने कहा कि सोनीपत की जनता ने फिर कमल खिलाया है। उन्होंने कहा कि यह जीत जनता के विश्वास और कार्यकर्ताओं की मेहनत का परिणाम है। उनके अनुसार राज्य में कई स्थानों पर पार्टी को समर्थन मिला है और यह जनहितकारी नीतियों पर जनता की मुहर है।
उन्होंने कहा कि यह जीत हरियाणा के लोगों और पार्टी के समर्पित कार्यकर्ताओं की है। साथ ही इसे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की जनहितकारी नीतियों से जोड़ते हुए कहा कि लोगों ने विकास कार्यों पर भरोसा जताया है। बड़ौली ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि चुनाव के दौरान लगाए गए भ्रष्टाचार के आरोपों का जवाब जनता ने मतदान से दे दिया। उन्होंने कहा कि पार्टी के नेता, मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी, प्रदेश नेतृत्व, सांसद और विधायक सभी ने जमीन पर रहकर चुनाव प्रचार किया और लोकतंत्र के इस उत्सव में सक्रिय भागीदारी निभाई।
चुनाव परिणाम के बाद समर्थकों में उत्साह देखा गया और शहर में जश्न का माहौल बना रहा। लगातार दूसरी बार जीत के साथ राजीव जैन ने नगर निगम में अपनी स्थिति मजबूत कर ली है और अब शहर के विकास कार्यों को आगे बढ़ाने की जिम्मेदारी फिर उनके कंधों पर आ गई है।
