सोनीपत क्राइम: सोनीपत के गोहाना में दो दुकानों के शटर तोड़े गल्ले से ढाई लाख रुपये चुराए
सोनीपत: चोरी की वारदात की जांच में अधिकारी।
सोनीपत, अजीत कुमार। सोनीपत जिले के गोहाना शहर में चोरों ने एक ही रात में दो दुकानों को निशाना बनाकर पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए। रोहतक रोड स्थित धर्मपुरा बस्ती के सामने अज्ञात बदमाशों ने दुकानों के शटर तोड़कर चोरी की वारदात को अंजाम दिया। सबसे बड़ी चोरी खल-बिनौला व्यापारी की दुकान में हुई, जहां गल्ले में रखे करीब ढाई लाख रुपये लेकर चोर फरार हो गए। साथ ही पास की एक किराना दुकान का शटर भी तोड़कर चोरी की गई। पूरी घटना आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों में संदिग्ध व्यक्तियों के कैद होने की बात सामने आई है।
उत्तम नगर गली नंबर-1 निवासी मोहित जैन ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उनकी रोहतक रोड पर धर्मपुरा बस्ती के सामने खल-बिनौला की दुकान है। एक जुलाई की रात वह रोजाना की तरह दुकान बंद कर घर चले गए थे। अगले दिन सुबह दुकान पर पहुंचे तो शटर टूटा मिला। अंदर जाकर देखा तो गल्ले में रखे करीब ढाई लाख रुपये गायब थे। उन्होंने तत्काल पुलिस को सूचना देकर कार्रवाई की मांग की। मोहित जैन ने बताया कि उनकी दुकान से सटी अशोक बजाज की किराना दुकान का शटर भी टूटा मिला, जिससे आशंका है कि एक ही गिरोह ने योजनाबद्ध तरीके से दोनों दुकानों में चोरी की वारदात को अंजाम दिया।
सूचना मिलते ही डायल-112 पुलिस, थाना शहर गोहाना की टीम और फिंगर प्रिंट विशेषज्ञ मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण कर शटर, गल्ले और अन्य स्थानों से एफएसएल टीम ने साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। थाना शहर गोहाना पुलिस ने मोहित जैन की शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि सीसीटीवी के आधार पर आरोपियों की पहचान कर उन्हें शीघ्र गिरफ्तार किया जाएगा।
