सोनीपत: सेवा संकल्प अभियान के तहत भाषण एवं चित्रकला प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने दिखाई प्रतिभा
सोनीपत, अजीत कुमार। प्रयास इंटरनेशनल स्कूल में ‘सेवा संकल्प अभियान’ के अंतर्गत ब्लॉक स्तरीय भाषण एवं चित्रकला प्रतियोगिता का आयोजन उत्साहपूर्वक किया गया। प्रतियोगिता में सीनियर विंग की कक्षा 9 से 12 तथा जूनियर विंग की कक्षा 6 से 8 के विद्यार्थियों ने उत्साह के साथ भाग लिया। कार्यक्रम में करीब 350 विद्यार्थियों और 110 शिक्षकों की सहभागिता रही।
प्रतियोगिता का उद्देश्य विद्यार्थियों में सेवा-भाव, सामाजिक जागरूकता, रचनात्मकता, अभिव्यक्ति-कौशल और जिम्मेदार नागरिकता की भावना को प्रोत्साहित करना रहा। भाषण एवं चित्रकला के माध्यम से विद्यार्थियों ने अपने विचारों, कल्पनाओं और सामाजिक सरोकारों को प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किया। प्रतियोगिता में प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया। वहीं चौथे और पांचवें स्थान पर रहे प्रतिभागियों को सांत्वना पुरस्कार प्रदान किए गए।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि विधायक देवेंद्र कादियान, नोडल अधिकारी आजाद सिंह दहिया, शिक्षा विभाग के प्रतिनिधि सुरजीत सिंह, विशेष आमंत्रित अतिथियों जगबीर देशवाल, रूपेंद्र पूनिया, संदीप काद्यान, अजय यादव, योगेश कौशिक, संदीप सिंघल तथा कार्यक्रम संयोजिका अंजू दहिया, प्रयास इंटरनेशनल स्कूल के मुख्य निदेशक अमित बत्रा, निदेशिका डॉ. सुनीरा जैन, रुचिका बत्रा और प्रधानाचार्य सुरेंद्र छाबड़ा ने विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन किया। उन्होंने सभी प्रतिभागियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि ऐसे आयोजन विद्यार्थियों की प्रतिभा को निखारने के साथ उनमें सामाजिक जिम्मेदारी और सेवा की भावना विकसित करने में सहायक हैं।
