सोनीपत: हजारों पौधे लगाए गए, सैकड़ों नागरिकों ने पर्यावरण संरक्षण का लिया संकल्प
सोनीपत: मुख्यमंत्री के ओएसडी वीरेंद्र बढ़खालसा मानसून अभिनंदन पौधारोपण अभियान पर चर्चा करते हुए।
- आगामी विश्व पर्यावरण दिवस पर 72 गांवों में एकसाथ पौधारोपण अभियान चला
सोनीपत, अजीत कुमार। सोनीपत में आगामी विश्व पर्यावरण दिवस के उपलक्ष्य में 72 गांवों में एकसाथ मानसून अभिनंदन पौधारोपण अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान हजारों पौधे लगाए गए और सैकड़ों लोगों ने पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लिया। प्रदेश के दो सौ से अधिक स्थानों से लोग प्रत्यक्ष और ऑनलाइन माध्यम से कार्यक्रम से जुड़े।
कार्यक्रम में केंद्रीय ऊर्जा, आवास एवं शहरी कार्य मंत्री मनोहर लाल नई दिल्ली स्थित आवास से ऑनलाइन जुड़े। उन्होंने कहा कि पर्यावरण संरक्षण जैसी बड़ी चुनौतियों का समाधान केवल सरकारी प्रयासों से संभव नहीं है। इसके लिए जनभागीदारी सबसे जरूरी है। उन्होंने कहा कि प्रत्येक व्यक्ति को अपने जीवनकाल में आवश्यक ऑक्सीजन की पूर्ति के लिए कम से कम पंद्रह से बीस पौधे लगाने चाहिए। उन्होंने लोगों से पौधे लगाने के साथ-साथ उनके वृक्ष बनने तक देखभाल और संरक्षण की जिम्मेदारी निभाने की अपील की।

मनोहर लाल ने दादा कुशल सिंह दहिया के बलिदान का उल्लेख करते हुए कहा कि महान व्यक्तित्व समाज और राष्ट्र के प्रति कर्तव्य निभाने की प्रेरणा देते हैं। उन्होंने प्रत्येक परिवार से जन्मदिन के अवसर पर पौधा लगाने की परंपरा अपनाने का आग्रह किया। साथ ही प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के एक पेड़ मां के नाम अभियान से अधिक से अधिक लोगों को जुड़ने का आह्वान किया।
मुख्यमंत्री के ओएसडी वीरेंद्र बढ़खालसा ने कहा कि भारतीय संस्कृति में प्रकृति को सदैव पूजनीय माना गया है। उन्होंने कहा कि प्रकृति से दूरी बढ़ने के कारण भूजल स्तर में गिरावट, जल संकट, वायु प्रदूषण, मृदा की गुणवत्ता में कमी और जलवायु परिवर्तन जैसी समस्याएं बढ़ी हैं। उन्होंने लोगों से प्रकृति के अनुकूल जीवनशैली अपनाने और जल संरक्षण पर भी ध्यान देने की अपील की। उन्होंने बताया कि यदि 300 परिवार प्रतिदिन 20 लीटर पानी बचाएं तो एक महीने में करीब एक लाख 80 हजार लीटर पानी संरक्षित किया जा सकता है।
कार्यक्रम में कलाकार मनु दनोदा, कुलबीर दनोदा, कला एवं संस्कृति विभाग के अतिरिक्त निदेशक बिंदर दनोदा, समाजसेवी देवेंद्र सूरा मयाना खेड़ी गुज्जर तीर्थ सतकुंभा धाम पर प्रबंधक सूरज शास्त्री, सत्यवान स्वरुप महाराज, प्रधान सेठपाल छौक्कर सहित कई लोगों ने पौधारोपण किया और पौधों के संरक्षण का संकल्प लिया। वक्ताओं ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण केवल एक दिन का अभियान नहीं, बल्कि जनभागीदारी से जुड़ा सतत सामाजिक दायित्व है।
