सोनीपत: प्रधानमंत्री इंटर्नशिप योजना से अधिक युवाओं को जोड़ने के निर्देश दिए
सोनीपत: नगराधीश सिमरन को अधिकारियों को निर्देश देते हुए।
सोनीपत, अजीत कुमार। सोनीपत नगराधीश सिमरन ने गुरुवार को अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रधानमंत्री इंटर्नशिप योजना का लाभ जिले के अधिक से अधिक पात्र युवाओं तक पहुंचाया जाए। उन्होंने कहा कि सभी विभाग मिलकर जागरूकता अभियान चलाएं और पात्र युवाओं का ऑनलाइन पंजीकरण सुनिश्चित करें, ताकि कोई भी योग्य युवा योजना से वंचित न रहे।
जिला इंटर्नशिप निगरानी समिति की बैठक में नगराधीश ने कहा कि योजना का उद्देश्य युवाओं को देश की अग्रणी कंपनियों में व्यावहारिक प्रशिक्षण देकर उनके कौशल और रोजगार की संभावनाओं को बढ़ाना है। उन्होंने सरकारी और निजी महाविद्यालयों, औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थानों, बहुतकनीकी संस्थानों, वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालयों तथा रोजगार कार्यालयों में विशेष जागरूकता शिविर लगाने के निर्देश दिए। शिविरों में युवाओं को योजना की जानकारी देने के साथ मौके पर ही उनका ऑनलाइन पंजीकरण कराया जाएगा।
उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में पंचायतों, कॉमन सर्विस सेंटर, ग्राम सचिवों, सरपंचों और स्वयं सहायता समूहों के माध्यम से भी योजना का व्यापक प्रचार किया जाए, ताकि गांवों के अधिक से अधिक युवा इसका लाभ उठा सकें।
नगराधीश ने बताया कि योजना के तहत 18 से 25 वर्ष आयु के पात्र युवाओं को छह से नौ माह तक देश की अग्रणी कंपनियों में इंटर्नशिप का अवसर मिलेगा। प्रशिक्षण अवधि में प्रतिमाह 9000 रुपये की सहायता राशि मिलेगी। इसमें 8100 रुपये केंद्र सरकार और 900 रुपये संबंधित कंपनी देगी। चयनित युवाओं को 6000 रुपये की एकमुश्त सहायता भी प्रदान की जाएगी।
उन्होंने बताया कि हाई स्कूल, वरिष्ठ माध्यमिक, औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान, बहुतकनीकी डिप्लोमा तथा स्नातक स्तर तक की पढ़ाई करने वाले पात्र युवा आवेदन कर सकते हैं। परिवार की वार्षिक आय 12 लाख रुपये से अधिक नहीं होनी चाहिए और परिवार का कोई सदस्य नियमित सरकारी कर्मचारी नहीं होना चाहिए। नगराधीश ने कहा कि सभी विभाग आपसी समन्वय से पात्र युवाओं की पहचान कर उन्हें आवेदन प्रक्रिया में पूरा सहयोग दें, जिससे जिले के अधिक से अधिक युवा इस योजना का लाभ प्राप्त कर सकें।
