September 19, 2026

सोनीपत: गन्नौर विधायक ने आठ गौशालाओं को एक करोड़ 57 लाख रुपये के चेक बांटे

Sonipat Ganaur MLA distributed cheques worth Rs 1.57 crore to eight cow shelters.

सोनीपत: गन्नौर क्षेत्र की आठ गौशालाओं के लिए विधायक देवेंद्र कादियान चेक देते हुए।

सोनीपत, अजीत कुमार। गन्नौर क्षेत्र की आठ गौशालाओं को बुधवार को विधायक देवेंद्र कादियान ने एक करोड़ 57 लाख रुपये के चेक वितरित किए। कार्यक्रम उनके कैंप कार्यालय में हुआ, जिसमें विभिन्न गौशाला समितियों के प्रतिनिधियों को राशि सौंपी गई।

विधायक ने कहा कि प्रदेश सरकार गौ संरक्षण और संवर्धन के लिए लगातार कदम उठा रही है। आर्थिक सहायता से गौशालाओं को मजबूती मिलती है और समाज में सेवा की भावना बढ़ती है। उन्होंने नागरिकों से गौसेवा में भागीदारी करने का आह्वान किया।

कार्यक्रम में श्री कृष्ण प्रणामी गौशाला सेवा समिति, गढ़ी केसरी को 28 लाख 20 हजार रुपये, गौशाला गन्नौर मंडी को 33 लाख 39 हजार रुपये, 108 बाबा मोहनदास गौशाला शाहपुर तगा को 20 लाख 61 हजार रुपये, राजपुर गौशाला सेवा समिति को चार लाख 32 हजार रुपये, गौरक्षिणी सनातन धर्म सभा गौशाला गढ़ी झंझारा को 26 लाख 64 हजार रुपये, सांदल कलां स्थित राधा कृष्ण गोपाल आदर्श गौशाला को नौ लाख 77 हजार रुपये, भगत करतार सिंह गौशाला एवं धर्मार्थ समिति सनपेड़ा को तीन लाख 92 हजार रुपये और वर्धमान बाबा जुगतीनाथ युवक गौशाला खेड़ी गुर्जर को 14 लाख 72 हजार रुपये के चेक दिए गए।

इसके अलावा शाहपुर तगा स्थित बाबा मोहनदास गौशाला में शेड निर्माण के लिए पांच लाख रुपये की अतिरिक्त सहायता भी दी गई। विधायक ने बताया कि हरियाणा में गौ सेवा आयोग बनने से गौ संरक्षण को संस्थागत मजबूती मिली है। नंदी, गाय और बछड़ों के लिए निर्धारित सहायता राशि भी नियमित दी जा रही है।

कार्यक्रम के दौरान गौशाला संचालकों ने अपनी समस्याएं रखीं। विधायक ने भरोसा दिलाया कि मांगों को सरकार तक पहुंचाकर समाधान का प्रयास किया जाएगा। इस मौके पर सतपाल शर्मा, कृष्ण राठी, सुरेंद्र, धर्मबीर नंबरदार, इंद्रेश, राजेश राठी, सुरेंद्र, सतपाल, दीपक, कृष्ण और सुनील ढाका सहित अन्य लोग मौजूद रहे।

About The Author