July 5, 2026

सोनीपत: शाहपुर तगा में वाल्मीकि भवन का शिलान्यास, 33 लाख रुपये की घोषणा

Sonipat Foundation stone laid for Valmiki Bhawan in Shahpur Taga; announcement of ₹33 lakh.

सोनीपत: वाल्मीकि भवन का शिलान्यास करते कृषि मंत्री श्याम सिंह राणा, कैबिनेट मंत्री कृष्ण कुमार बेदी और विधायक देवेंद्र कादियान।

सोनीपत,  अजीत कुमार। गन्नौर के गांव शाहपुर तगा में रविवार को वाल्मीकि भवन के शिलान्यास समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में कृषि मंत्री श्याम सिंह राणा, कैबिनेट मंत्री कृष्ण कुमार बेदी और विधायक देवेंद्र कादियान मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। सभी अतिथियों ने महर्षि वाल्मीकि की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर भवन की आधारशिला रखी।

कार्यक्रम की अध्यक्षता महर्षि वाल्मीकि भवन कल्याण समिति के अध्यक्ष मुकेश सौदा ने की। समारोह के दौरान तीनों जनप्रतिनिधियों ने भवन निर्माण के लिए ग्यारह-ग्यारह लाख रुपये देने की घोषणा की। इस प्रकार भवन निर्माण के लिए कुल तैंतीस लाख रुपये की सहायता घोषित की गई।

कैबिनेट मंत्री कृष्ण कुमार बेदी ने कहा कि भगवान वाल्मीकि के आदर्श आज भी समाज को शिक्षा, समानता और एकजुटता का संदेश देते हैं। उन्होंने लोगों से उनके बताए मार्ग पर चलने का आह्वान किया। कृषि मंत्री श्याम सिंह राणा ने कहा कि भगवान वाल्मीकि का योगदान भारतीय संस्कृति की अमूल्य धरोहर है और ऐसे भवन सामाजिक समरसता को मजबूत करते हैं। विधायक देवेंद्र कादियान ने कहा कि बनने वाला वाल्मीकि भवन सामाजिक, सांस्कृतिक और शैक्षणिक गतिविधियों का प्रमुख केंद्र बनेगा।

समारोह के बाद अतिथियों ने गांव के बाबा मोहनदास मंदिर और शिव मंदिर में माथा टेका। इस अवसर पर सरपंच गीता त्यागी, प्रदीप सांगवान, अनिल कुमार तथा अन्य ग्रामीण भी मौजूद रहे।

About The Author