June 26, 2026

सोनीपत: हरिद्वार जाते परिवार की कार हादसे का शिकार, चार की मौत, चार घायल

Sonipat Car carrying family to Haridwar meets with accident; four dead, four injured.

सोनीपत: घटना के बाद के फोटो अस्पताल से।

सोनीपत, अजीत कुमार। सोनीपत से हरिद्वार दर्शन के लिए जा रहे एक परिवार पर शुक्रवार को दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। उत्तर प्रदेश के सहारनपुर जिले में देहरादून-पंचकूला राजमार्ग पर तेज रफ्तार बोलेरो की टक्कर से हुए सड़क हादसे में परिवार के चार सदस्यों की मौत हो गई, जबकि चार अन्य घायल हो गए। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को अस्पताल भिजवाया। पुलिस ने वाहनों को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार सोनीपत जिले के गांव मंडोरा के चरण सिंह का परिवार करीब 10 वर्ष पहले बहादुरगढ़ में जाकर बस गया था। परिवार के सदस्य परिवहन कारोबार के साथ खरखौदा क्षेत्र में ईंट-भट्ठा भी चलाते हैं। शुक्रवार को चरण सिंह अपने परिजनों के साथ टाटा टियागो कार से हरिद्वार के लिए रवाना हुए थे।

शाम के समय उनकी कार सरसावा थाना क्षेत्र में देहरादून-पंचकूला राजमार्ग पर पहुंची। इसी दौरान पीछे से तेज रफ्तार में आई बोलेरो ने कार को टक्कर मार दी। टक्कर लगने कार क्षतिग्रस्त हो गई और उसमें सवार सभी लोग घायल हो गए। आसपास के लोगों ने तुरंत राहत कार्य शुरू किया और एम्बुलेंस की मदद से सभी घायलों को जिला अस्पताल पहुंचाया। वहां चिकित्सकों ने रितिन, शिवांश, सुदेश और चरण सिंह को मृत घोषित कर दिया।

हादसे में प्रीति, छवि, जयदेव और प्रवीन तेवतिया घायल हुए हैं। चिकित्सकों के अनुसार सभी घायलों की हालत फिलहाल स्थिर है और उनका उपचार जारी है। प्रारंभिक जांच में हादसे का कारण तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाना माना जा रहा है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।

About The Author